शुक्र, 16 अक्टू. 2026

CGKhabar

दिग्गज टेनिस खिलाड़ी लिएंडर पेस भाजपा में शामिल

C

CG Khabar

31 मार्च 2026, 08:29 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

 लिएंडर पेस
लिएंडर पेस

नई दिल्ली । डेस्क: भारतीय टेनिस जगत के दिग्गज खिलाड़ी लिएंडर पेस मंगलवार को औपचारिक रूप से भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए. दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान पश्चिम बंगाल भाजपा के वरिष्ठ नेता सुकांत मजूमदार ने पेस का पार्टी में स्वागत किया. इस अवसर पर मजूमदार ने कहा कि लिएंडर पश्चिम बंगाल के बेटे हैं और उनका भाजपा में आना पार्टी के लिए एक ऐतिहासिक क्षण है. 


उन्होंने पेस के पारिवारिक गौरव का उल्लेख करते हुए बताया कि उनकी मां महान कवि माइकल मधुसूदन दत्त की वंशज हैं, जो बंगाल की संस्कृति और प्रतिभा का एक अनूठा संगम है. 


सुकांत मजूमदार ने विश्वास जताया कि आगामी विधानसभा चुनाव में पेस की मौजूदगी से भाजपा को बड़ी मजबूती मिलेगी और युवाओं के बीच उनकी लोकप्रियता पार्टी के पक्ष में माहौल बनाने में मददगार साबित होगी.


भाजपा की सदस्यता लेने के बाद लिएंडर पेस ने इसे अपने जीवन का एक महत्वपूर्ण दिन बताया. उन्होंने कहा कि जिस तरह 40 वर्षों तक उन्होंने खेल के जरिए देश की सेवा की, अब भाजपा उन्हें राजनीति के माध्यम से जनता की सेवा करने का अवसर दे रही है. 


खेल के बुनियादी ढांचे पर चर्चा करते हुए पेस ने कहा कि उनके शुरुआती दिनों की तुलना में आज स्थितियां बेहतर हुई हैं, लेकिन देश में अब भी विश्वस्तरीय इनडोर टेनिस कोर्ट और बेहतर खेल प्रशिक्षण सुविधाओं की काफी गुंजाइश है. गौरतलब है कि पेस के भाजपा में शामिल होने की पटकथा काफी पहले ही लिखी जा चुकी थी. 


सूत्रों के अनुसार, करीब आठ महीने पहले दिल्ली में उनकी बातचीत शुरू हुई थी और पिछले हफ्ते कोलकाता के न्यू टाउन स्थित एक होटल में भाजपा के राष्ट्रीय नेताओं के साथ हुई बैठक में इसे अंतिम रूप दिया गया था.


 लिएंडर पेस का राजनीतिक सफर पहले भी रहा है; वह 2021 में ममता बनर्जी की मौजूदगी में तृणमूल कांग्रेस (TMC) में शामिल हुए थे, हालांकि वहां वह सक्रिय राजनीति में अधिक नजर नहीं आए. अब भाजपा के साथ उनकी यह नई शुरुआत बंगाल की राजनीति में काफी चर्चा बटोर रही है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP