UN रिपोर्ट: अमेरिका ने ईरान के स्कूल पर किया हमला
नई दिल्ली । डेस्क: संयुक्त राष्ट्र (UN) के एक स्वतंत्र तथ्य-अन्वेषण मिशन ने अपनी हालिया रिपोर्ट में अमेरिकी सेना और ईरानी प्रशासन दोनों पर गंभीर आरोप लगाए हैं. रिपोर्ट के अनुसार, फरवरी महीने में ईरान के मीनाब शहर में स्थित 'शजरेह तैयबा' प्राथमिक स्कूल और लामर्द के एक खेल परिसर पर हुए हवाई हमलों के पीछे अमेरिकी सेना का हाथ होने के पर्याप्त सबूत मिले हैं.
UN विशेषज्ञों का कहना है कि सैन्य कमांडर की मौजूदगी की अधूरी जानकारी पर बिना पुष्टि किए किया गया यह हमला एक बड़ा युद्ध अपराध है.
इस भयानक त्रासदी में 120 स्कूली बच्चों सहित 150 से अधिक निर्दोष नागरिकों की जान चली गई थी. अमेरिका ने इन आरोपों पर फिलहाल आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है, हालांकि पूर्व में उसने सैन्य कार्यवाहियों को अंतरराष्ट्रीय कानूनों के अनुरूप बताया था.
दूसरी ओर, इसी रिपोर्ट में संयुक्त राष्ट्र ने ईरानी सरकार को भी अपने ही देश में हुए विरोध प्रदर्शनों के दौरान 'मानवता के खिलाफ अपराध' करने का दोषी ठहराया है.
दिसंबर के अंत से शुरू हुए सरकार विरोधी प्रदर्शनों को दबाने के लिए ईरानी सुरक्षा बलों द्वारा अंधाधुंध हिंसा, अवैध हत्याएं, प्रताड़ना, और इंटरनेट बंद करने जैसे कदम उठाए गए.
आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार 3,038 लोगों की मौत और 25,000 के घायल होने की बात कही गई है, लेकिन UN मिशन का अनुमान है कि वास्तविक आंकड़ा इससे कहीं अधिक है.
यह रिपोर्ट जिनेवा में संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार परिषद के समक्ष प्रस्तुत की जाएगी, जो ईरान युद्ध और उसके बाद उपजे मानवाधिकार संकट पर नए सिरे से वैश्विक ध्यान केंद्रित करती है.