टाइफून डॉल्फिन ने जापान में कहर के बाद पूर्वी चीन का रुख किया
नई दिल्ली । डेस्क: जापान के दक्षिणी द्वीप ओकिनावा में भीषण चक्रवाती तूफान 'डॉल्फिन' ने भारी तबाही मचाई है. इस शक्तिशाली तूफान के कारण कई इलाकों में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है, जिसमें 5 लोग घायल हो गए हैं और 14,000 से अधिक घरों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई है. ओकिनावा प्रशासन के अनुसार, घायलों में अधिकांश बुजुर्ग शामिल हैं, जो तेज हवाओं के झोंके से गिरकर चोटिल हो गए.
जापान में तबाही मचाने के बाद अब यह खतरनाक तूफान तेजी से चीन के पूर्वी और दक्षिणी तट की ओर बढ़ रहा है.
मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, रविवार देर रात से सोमवार तड़के के बीच तूफान के तटीय इलाकों से टकराने की संभावना है. खतरे को देखते हुए चीनी अधिकारियों ने लेवल-3 आपातकालीन प्रतिक्रिया घोषित कर दी है और झेजियांग प्रांत समेत तटीय क्षेत्रों में बंदरगाहों, स्कूलों, उड़ानों और पर्यटक स्थलों को एहतियातन बंद कर दिया गया है.
शंघाई और आसपास के इलाकों में 12 अगस्त तक मूसलाधार बारिश और 200 किमी/घंटे से अधिक की रफ्तार से हवाएं चलने की चेतावनी जारी की गई है.
चक्रवात डॉल्फिन का असर ताइवान पर भी देखने को मिल रहा है, जहां एहतियात के तौर पर 63 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द कर दी गई हैं.
यह चक्रवात ऐसे समय में आया है जब पूर्वी एशिया के देश भीषण गर्मी और हीटवेव का सामना कर रहे हैं.
जापान में भीषण गर्मी से चिड़ियाघर के तीन शेरों की मौत हो गई, वहीं दक्षिण कोरिया में लू के कारण 20 से अधिक लोग अपनी जान गंवा चुके हैं. मौसम विभाग के अनुसार, 26 जुलाई को मध्य प्रशांत महासागर में एक उष्णकटिबंधीय अवदाव के रूप में शुरू हुआ यह तूफान धीरे-धीरे बेहद शक्तिशाली चक्रवात में बदल गया है.