शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

पदयात्रियों को वाहन ने कुचला, दो छात्राओं की मौत

H

Hupendra Sharma

24 सित. 2025, 12:12 AM 3 मिनट में पढ़ें 1

दो छात्राओं की मौत
दो छात्राओं की मौत

बीजापुर| संवाददाताः छत्तीसगढ़ के बीजापुर और राजनांदगांव जिले में देवी दर्शन के लिए पदयात्रा करते हुए मंदिर जाने निकली दो छात्राओं की सड़क हादसे में मौत हो गई. बीजापुर जिले में पदयात्रियों को एक तेज रफ्तार क्रेन ने टक्कर मार दी.


इस हादसे में एक छात्रा की मौत हो गई. जबकि कई लोग घायल हैं, जिसमें से दो बहनों को गंभीर चोटें आई हैं. दोनों का उपचार अस्पताल में चल रहा है. 


इसी तरह राजनांदगांव जिले में डोंगरगढ़ के मां बम्लेश्वरी के दर्शन के लिए जा रही एक छात्रा को थार वाहन ने कुचल दिया. मौके पर ही छात्रा ने दमतोड़ दिया. 


पुलिस के मुताबिक बीजापुर जिले भट्टीपारा निवासी 8 श्रद्धालु दंतेवाड़ा मंदिर दर्शन के लिए पदयात्रा करते हुए जा रहे थे.


इस दौरान एजुकेशन सिटी के पास तेज रफ्तार क्रेन चालक ने पदयात्रियों को अपनी चपेट में ले लिया.


इस हादसे में ज्ञानगुड़ी में रहकर 12वीं कक्षा में अध्ययनरत छात्रा साक्षी नक्का की मौत हो गई. जबकि मृतक साक्षी की बहन नेहा नक्का और प्राची पुनेम को गंभीर चोटें आई हैं.


घायलों को तुरंत जिला अस्पताल बीजापुर में भर्ती कराया गया है. जहां उनका इलाज जारी है.


बीजापुर थाना प्रभारी दुर्गेश शर्मा ने बताया कि क्रेन को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया गया है. चालक नशे की हालत में था और वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया. घटना को लेकर नगरवासियों में रोष है.

 

मृतका 12वीं की टॉपर

दूसरी घटना राजनांदगांव के सोमनी थाना क्षेत्र की है. दुर्ग जिले के भिलाई के अटल आवास जामुल की रहने वाली महिमा साहू अपनी बहन और मोहल्ले के बाकी श्रद्धालुओं के साथ पैदल यात्रा में शामिल होकर मां बम्लेश्वरी के दर्शन के लिए डोंगरगढ़ जा रही थी.


सोमनी के पास एक तेज रफ्तार थार ने पदयात्रियों को ठोकर मार दी. हादसे में महिमा गंभीर रूप से घायल हो गई. साथ में चल रहे श्रद्धालुओं ने उसे तुरंत सेक्टर-9 अस्पताल भिलाई लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.


बताया गया कि महिमा 2023 में 12वीं की टॉपर थी. राज्य में 6वां रैंक हासिल किया था. वर्तमान में वह कोंडागांव के पोस्ट ऑफिस में नौकरी कर रही थी. साथ ही आईएएस की तैयारी कर रही थी.


परिजनों का कहना है कि महिमा ने तीन साल पहले सरकारी नौकरी के लिए मन्नत मांगकर लगातार तीन साल पदयात्रा करते हुए डोंगरगढ़ जाने का संकल्प लिया था.


यह तीसरा और अंतिम वर्ष था. आठ महीने पहले ही उसे कोंडागांव में सरकारी नौकरी मिली थी.


हादसे के बाद वाहन चालक फरार हो गया. पुलिस ने चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. 

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP