रील बनाने के चक्कर में पानी की टंकी पर फंसे दो बच्चे, वायुसेना ने हेलीकॉप्टर से किया सुरक्षित रेस्क्यू
गोरखपुर । डेस्क: उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले में सोशल मीडिया पर रील बनाने का जानलेवा शौक एक बड़े हादसे में तब्दील हो गया. यहाँ एक जर्जर पानी की टंकी पर चढ़कर रील शूट कर रहे पांच बच्चों के साथ उस वक्त अनहोनी हो गई, जब अचानक टंकी की जर्जर सीढ़ियां भरभराकर गिर गईं. इस हादसे में तीन बच्चे सीधे जमीन पर आ गिरे, जिनमें से एक मासूम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए.
वहीं, सीढ़ियां न होने के कारण दो बच्चे पूरी रात टंकी की छत पर ही फंसे रह गए.
घटना की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन ने तत्काल बचाव अभियान शुरू किया, लेकिन मौके की भौगोलिक स्थिति ने बड़ी बाधा उत्पन्न कर दी. जिलाधिकारी शिवशरणप्पा के अनुसार, टंकी के आसपास की जमीन बेहद दलदली और रास्ता कच्चा होने के कारण फायर ब्रिगेड की गाड़ियाँ वहां तक नहीं पहुंच सकीं.
स्थिति को हाथ से निकलता देख मुख्यमंत्री कार्यालय के समन्वय से भारतीय वायुसेना से मदद की अपील की गई.
भारतीय वायुसेना के सेंट्रल एयर कमांड (CAC) ने इस आपातकालीन स्थिति में तुरंत प्रतिक्रिया दी और अपने शक्तिशाली 'Mi-17 V5' हेलीकॉप्टर को रेस्क्यू मिशन पर तैनात किया.
रविवार सुबह करीब 5 बजे, जब अंधेरा पूरी तरह छंटा भी नहीं था, वायुसेना के जवानों ने बेहद पेशेवर तरीके से ऑपरेशन चलाते हुए टंकी पर फंसे दोनों बच्चों को एयरलिफ्ट किया और उन्हें सुरक्षित जमीन पर उतारा.
वायुसेना ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर इस सफल ऑपरेशन का वीडियो साझा करते हुए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है. सुरक्षित बचाए गए बच्चों को प्रारंभिक चिकित्सा के बाद उनके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया गया है, जबकि घायल बच्चों का इलाज मेडिकल कॉलेज में जारी है.