रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

छेड़छाड़ के मामले में तुमगांव नगर पंचायत अध्यक्ष गिरफ्तार

H

Hupendra Sharma

30 अग. 2025, 11:17 AM 2 मिनट में पढ़ें 2

गिरफ्तार
गिरफ्तार

महासमुंद | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले के तुमगांव नगर पंचायत अध्यक्ष बलराम कांत साहू को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. उन पर एक महिला ने छेड़छाड़ का आरोप लगाया है.


शनिवार की सुबह करीब 5 बजे तुमगांव पुलिस साहू के घर पहुंची और थाना लेकर आ गई. इसकी जानकारी लगते ही बलराम कांत के समर्थक बड़ी संख्या में थाने पहुंच गए.

विज्ञापन


समर्थकों ने थाने का घेराव करते हुए जमकर नारेबाजी करने लगे. इसके बाद समर्थक सड़क पर उतर आए और दुकानें बंद कराकर चक्काजाम कर दिया. 


दरअसल, एक दिन पहले ही 29 अगस्त को तुमगांव नगर पंचायत अध्यक्ष बलरामकांत साहू पुलिस का ज्ञापन सौंपते हुए क्षेत्र सहित नगर में चल रहे अवैध शराब और देह व्यापार के धंधे को बंद कराने की मांग की थी. लेकिन अगले ही दिन ही उसे हिरासत में ले लिया गया.


इस पूरे मामले में पुलिस का कहना है कि एक महिला ने बलराम कांत साहू द्वारा छेड़छाड़ किए जाने की लिखित शिकायत थाने में की है.


साथ ही महिला ने पेट्रोल डालकर घर जला देने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है. उन्हीं शिकायतों पर बलराम कांत साहू को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है.


अवैध शराब व देह व्यापार की शिकायत दूसरा मामला है जिसकी भी जांच की जाएगी.


गौरतलब है कि बलराम कांत साहू पहले भाजपा में थे. टिकट नहीं मिलने पर भाजपा से बगावत कर निर्दलीय चुनाव लड़ा था. जिसमें उन्हें जीत भी हासिल हुई थी.


अब गिरफ्तारी के बाद कई तरह की चर्चाएं हो रही हैं. छेड़छाड़ के मामले को समर्थक राजनीतिक साजिश बता रहे हैं. हालांकि पुलिस की जांच में पूरा मामला स्पष्ट हो सकेगा.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP