शुक्र, 16 अक्टू. 2026

CGKhabar

तृणमूल कांग्रेस ने पूर्व DGP राजीव कुमार को बनाया राज्यसभा उम्मीदवार

C

CG Khabar

28 फ़र. 2026, 08:32 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

राजीव कुमार पूर्व डीजीपी
राजीव कुमार पूर्व डीजीपी

कोलकाता । डेस्क: तृणमूल कांग्रेस ने आगामी राज्यसभा चुनावों के लिए अपने चार उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है, जिसमें पूर्व पुलिस महानिदेशक (DGP) राजीव कुमार का नाम सबसे चौंकाने वाला और महत्वपूर्ण है. पार्टी ने राजीव कुमार के अलावा प्रसिद्ध अभिनेत्री कोयल मलिक, वरिष्ठ अधिवक्ता मेनका गुरुस्वामी और पश्चिम बंगाल के आईटी मंत्री व गायक बाबुल सुप्रियो को अपना उम्मीदवार बनाया है. 


यह पहली बार है जब पश्चिम बंगाल से किसी इतने उच्च पदस्थ पुलिस अधिकारी को राज्यसभा के लिए नामित किया गया है. 16 मार्च को होने वाले इन चुनावों में संख्या बल के आधार पर तृणमूल की इन चारों सीटों पर जीत तय मानी जा रही है.


राजीव कुमार को मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का बेहद करीबी माना जाता है, जिन्हें लेकर 2019 में ममता बनर्जी ने सीबीआई पूछताछ के खिलाफ धरना भी दिया था. वर्तमान में उनका नाम प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कुछ जांचों से भी जुड़ा है, जिसे लेकर भाजपा ने तीखी प्रतिक्रिया दी है. 


प्रदेश भाजपा अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने कहा कि यदि राजीव कुमार यह नामांकन स्वीकार करते हैं, तो यह साबित हो जाएगा कि उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान एक प्रशासक के बजाय एक राजनीतिक कार्यकर्ता के रूप में काम किया. 


वहीं, उम्मीदवार बनाई गईं कोयल मलिक और उनके परिवार के भी ममता बनर्जी से पुराने संबंध रहे हैं. 


दूसरी ओर, मेनका गुरुस्वामी ने हाल ही में अदालत में पार्टी का पक्ष रखा था और वह धारा 377 जैसे ऐतिहासिक मामलों के लिए जानी जाती हैं. बाबुल सुप्रियो, जो पहले भाजपा में थे, वर्तमान में तृणमूल सरकार में मंत्री हैं और हाल ही में उन्हें 'बंग विभूषण' से भी सम्मानित किया गया है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP