अमित शाह के सभा में जा रहे आदिवासियों का पिकअप पलटा, 25 घायल
छत्तीसगढ़ में बस्तर पंडुम जा रहे आदिवासियों से भरा वाहन पलटा, 30 घायल
दंतेवाड़ा | संवाददाताः कुआकोंडा के पालनार से अमित शाह की सभा में शामिल होने दंतेवाडा जा रहे आदिवासियों से भरे पिकअप वाहन के पलटने से दर्दनाक हदसा सामने आया है.
इस घटना में करीब 25 आदिवासी घायल और 6 गंभीर रूप से घायल बताये जा रहे हैं. घायलों की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है. कुछ के अंग-भंग होने की भी जानकारी सामने आ रही है.
घटना स्थल पर पुलिस के पहुंचने के बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया. घटना स्थल पर सड़क में खून के धब्बे व बिखरी चप्पलें घटना की भयावहता को घटना के बाद भी बता रही हैं.
पिकअप वाहन में क्षमता से ज्यादा लोड होने के चलते घटना होने की आशंका व्यक्त की जा रही है.
ग्रामीण आरोप लगा रहे हैं कि बस्तर पंडुम में शामिल होने के लिये जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों द्वारा वाहनों में ठूसकर आदिवासियों को बस्तर पंडुम में शामिल होने के लिए दंतेवाड़ा ले जाया जा रहा है.
आपको बता दें कि केन्द्रीय मंत्री अमित शाह भी आज बस्तर पंडुम में शामिल हो रहे हैं. इसके मद्देनजर भी गांव गांव से भीड़ जुटाने का काम किया जा रहा है.
वाहन में ले जाने वाले जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग
आदिवासी समाज के कुछ युवा इस हादसे को लेकर क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों को दोषी मानते हुए जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.
उनका कहना है कि इनको ओवरलोड कर गाड़ी में ले जाने में जो भी अधिकारी व नेता शामिल हैं, उन सभी के खिलाफ FIR दर्ज होनी चाहिए.
आदिवासी समाज के सोशल मीडिया ग्रुपों में इस घटना को लेकर रोष व्यक्त करते हुए कहा जा रहा है कि सरकार के आयोजन को सफल बनाने हमारे लोगों को लोभ-लालच दे कर लाया जाता है.
सभी गंभीर घायल हैं. इस विषय पर जिम्मेदारों के ऊपर एफआईआर करना चाहिए. बहुत ही दुःखद घटना है.