बलरामपुर जिला अस्पताल में पहली बार हुई टोटल हिप रिप्लेसमेंट सर्जरी
बलरामपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बलरामपुर स्थित जिला अस्पताल ने चिकित्सा के क्षेत्र में एक नया इतिहास रचते हुए पहली बार सफलतापूर्वक 'टोटल हिप रिप्लेसमेंट' (कूल्हे का पूर्ण प्रत्यारोपण) का ऑपरेशन किया है. इस अत्याधुनिक सर्जरी के सफल होने से अब बलरामपुर और आसपास के ग्रामीण इलाकों के गंभीर ऑर्थोपेडिक मरीजों को इलाज के लिए बड़े शहरों के महंगे अस्पतालों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा.
स्थानीय स्तर पर ही मरीजों को इस श्रेणी का उन्नत स्वास्थ्य उपचार सुलभ हो सकेगा.
यह उपलब्धि झारखंड के गोदरमाना निवासी 55 वर्षीय मरीज मनीता के सफल इलाज से संभव हुई. दरअसल, मनीता के बाएं पैर के फीमर की गर्दन (नेक ऑफ लेफ्ट फीमर) में गंभीर फ्रैक्चर हो गया था, जिसकी वजह से सामान्य उपचार से राहत मिलना संभव नहीं था.
मामले की गंभीरता को देखते हुए चिकित्सकों की टीम ने कूल्हे की हड्डी बदलने का फैसला लिया. एनेस्थीसिया विशेषज्ञ डॉ. कृष्ण चैतन्य और ऑर्थोपेडिशियन डॉ. श्याम धर सिंह के नेतृत्व में पैरामेडिकल व ओटी स्टाफ - उदय मंडल, सुनील यादव, पंकज ठाकुर, सुनीता, अनिल कपूर, प्रीति तथा मनोज दास के सहयोग से यह जटिल प्रक्रिया सफलता के साथ पूरी की गई.
अस्पताल प्रबंधन के अनुसार सफल ऑपरेशन के बाद मरीज की स्थिति में निरंतर सुधार हो रहा है और उनकी हालत पूरी तरह से संतोषजनक बनी हुई है. इस ऐतिहासिक सर्जरी को अंजाम देने में सीएमएचओ डॉ. विजय कुमार सिंह, सिविल सर्जन डॉ. शशांक गुप्ता एवं अस्पताल कंसल्टेंट इंचार्ज शशि प्रकाश गुप्ता के कुशल प्रशासनिक मार्गदर्शन और संस्थागत सहयोग का महत्वपूर्ण योगदान रहा.
जिला अस्पताल स्तर पर इतनी उन्नत और जटिल ऑर्थोपेडिक सर्जरी का होना क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं में एक मील का पत्थर माना जा रहा है.