छत्तीसगढ़ में बाघ की मौत, कल मिले थे दो तेंदूए के शव
अंबिकापुर | संवाददाता: छत्तीसगढ़ के सुरजपुर के भैंसामुड़ा में एक बाघ का शव मिला है. माना जा रहा है कि शव 3 से 4 दिन पुराना हो सकता है. माना जा रहा है कि बाघ की करंट से मौत हुई है. हालांकि अभी इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है.
बाघ की मौत की खबर से वन विभाग में सनसनी का माहौल है.
इस घटना से एक दिन पहले ही राज्य में दो तेंदूए के शव मिले थे. एक शव खैरागढ़ में, जबकि दूसरा शव लोहारा में बरामद किया गया था. अब सूरजपुर में बाघ का शव मिला है.
पिछले महीने भर से वाड्रफनगर के इलाके में बाघ को लेकर दहशत का माहौल था. रघुनाथपुर के इलाके में पहले एक बाघ के पंजे के निशान मिले थे. बाद में कुछ पालतू पशुओं पर बाघ द्वारा हमले की खबर भी सामने आई थी.
इसके अलावा सूरजपुर के भैयाथान ब्लॉक के बड़सरा, धरसेड़ी, बसकर, कुधरी जैसे कई गांवों से बाघ के प्रमाण मिले थे. लेकिन वन विभाग ने गांव वालों की शिकायत को महज अफवाह करार दिया था. जबकि इससे लगे हुए कोरिया जिले के टेमरी में, वन विभाग के कैमरा ट्रेैप में बाघ की तस्वीर भी सामने आई थी.
अब एक युवा बाघ का शव मिला है. बाघ का शव वाड्रफनगर इलाके के भैंसामुड़ा के जंगल में मिला है.
आरंभिक तौर पर बाघ का शव 3-4 दिन पुराना लग रहा है.
इस मामले की पुष्टि के लिए वन विभाग के अधिकारियों से कोशिश की गई. लेकिन अधिकारिक तौर पर अब तक कोई जानकारी नहीं मिली है.