जगदलपुर में तीन युवकों को वाहन ने कुचला
छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में बाइक सवार तीन युवकों की सड़क हादसे में मौत
जगदलपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में शनिवार की सुबह अज्ञात वाहन की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार 3 युवकों की मौत हो गई.
तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार थे. हादसे के बाद आरोपी वाहन चालक फरार हो गया.
पुलिस के मुताबिक घटना परपा थाना के तेलीमारेंगा की है.
जगदलपुर-बीजापुर नेशनल हाईवे-63 पर शनिवार सुबह करीब 4 बजे यह घटना हुई.
बताया गया कि तीनों युवक मोटरसाइकिल में सवार होकर केशलूर की ओर से जगदलपुर की तरफ आ रहे थे.
उसी दौरान अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जोरदार थी तीनों युवकों की घटना स्थल पर ही मौत हो गई.
राहगीरों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल पहुंचाया.
मृतकों की पहचान तुषार शर्मा, दिव्यांश कारकी और तेजेन्द्र ठाकुर के रूप में हुई है.
इनमें से दिव्यांश और तेजेन्द्र मारुति शोरूम में काम करते थे. वहीं तुषार सुकमा का रहने वाला था.