बैंको की तीन दिवसीय हड़ताल वापस, 5-डे वर्किंग पर कमेटी करेगी विचार
नई दिल्ली । डेस्क: बैंक यूनियनों ने देर रात अपनी तीन दिवसीय प्रस्तावित हड़ताल को वापस लेने का फैसला किया है. यह कदम इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA) द्वारा यूनियन की मुख्य मांगों पर विचार करने और सौहार्दपूर्ण समाधान निकालने का आश्वासन मिलने के बाद उठाया गया है.
मुख्य रूप से यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) और IBA के बीच हुई वार्ता के बाद यह तय हुआ है कि शनिवार की छुट्टियों के मुद्दे को सुलझाने के लिए तुरंत एक उच्च स्तरीय समिति का गठन किया जाएगा. यह समिति सभी बचे हुए शनिवारों को अवकाश घोषित करने की संभावनाओं को तलाशेगी.
समिति का लक्ष्य एक ऐसा रास्ता निकालना है जो बैंक कर्मचारियों के साथ-साथ ग्राहकों के लिए भी सुविधाजनक हो.
गौरतलब है कि बैंक यूनियन लंबे समय से हफ्ते में पांच दिन काम (5-डे वर्किंग) की व्यवस्था लागू करने की मांग कर रही हैं.
हालांकि, बैंकों का मानना है कि इस कदम से बैंकिंग सेवाओं पर असर पड़ सकता है और ग्राहकों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है.
हड़ताल के आह्वान को देखते हुए सरकार ने रविवार को भी सरकारी बैंक शाखाओं को खुला रखने का आदेश दिया था ताकि आम जनता को कोई असुविधा न हो. अब समिति की सिफारिशों के बाद ही इस दिशा में अंतिम निर्णय लिया जाएगा.