6 अमेरिकी सांसदों ने मार्को रुबियो से की मांग, भारत दौरे पर उठाएं छात्र विरोध का मुद्दा
6 अमेरिकी डेमोक्रेटिक सांसदों ने अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो को एक पत्र लिखकर आग्रह किया है कि वे अपनी आगामी भारत यात्रा के दौरान भारतीय अधिकारियों के सामने छात्र प्रदर्शनकारियों पर कथित अत्यधिक बल प्रयोग, हिरासत और निगरानी से जुड़े मुद्दों को उठाएं.
नई दिल्ली । डेस्क: 6 अमेरिकी डेमोक्रेटिक सांसदों ने अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो को एक पत्र लिखकर आग्रह किया है कि वे अपनी आगामी भारत यात्रा के दौरान भारतीय अधिकारियों के सामने छात्र प्रदर्शनकारियों पर कथित अत्यधिक बल प्रयोग, हिरासत और निगरानी से जुड़े मुद्दों को उठाएं. सांसदों प्रमिला जयपाल, इल्हान उमर, जिम मैकगवर्न, रशीदा तलीब, एलेनॉर होम्स नॉर्टन और जीसस गार्सिया ने यह भी आरोप लगाया है कि वाशिंगटन स्थित भारतीय दूतावास और अन्य अमेरिकी शहरों के वाणिज्य दूतावासों ने विरोध प्रदर्शन करने वाले प्रदर्शनकारियों की निगरानी के लिए फोटोग्राफरों को तैनात किया है.
मार्को रुबियो अगले सप्ताह भारत यात्रा पर आने वाले हैं, जहां वे मुंबई में विदेश मंत्री एस जयशंकर से मुलाकात करेंगे. यात्रा से ठीक पहले सांसदों ने अपने पत्र में लिखा कि वे दिल्ली और भारत के अन्य हिस्सों में छात्र प्रदर्शनों के दौरान सुरक्षा बलों द्वारा कथित दमन, अनुचित हिरासत और अत्यधिक बल प्रयोग के पैटर्न को लेकर चिंतित हैं.
सांसदों ने तत्कालीन शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के खिलाफ प्रदर्शनों और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर हो रहे विरोध प्रदर्शनों का हवाला दिया.
सांसद प्रमिला जयपाल ने मतदाता सूचियों के पुनरीक्षण और कथित तौर पर मतदाताओं के नाम हटाए जाने पर भी चिंता जताई.
हालांकि, अमेरिका में भारत के राजदूत विनय मोहन क्वात्रा ने जयपाल की टिप्पणियों की कड़ी आलोचना करते हुए इसे भारत के आंतरिक मामलों में "अस्वीकार्य हस्तक्षेप" करार दिया था.
इसके अलावा, डेमोक्रेटिक पार्टी के नेता और पूर्व व्हाइट हाउस सलाहकार अजय जैन भटूरिया ने भी सांसदों के पत्र की आलोचना की और कहा कि दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र भारत के आंतरिक मामलों में अमेरिकी कांग्रेस का हस्तक्षेप अनुचित है और इससे भारत-अमेरिका संबंध प्रभावित होते हैं.
अमेरिकी सांसदों ने विदेश मंत्री रुबियो से आग्रह किया है कि वे भारत सरकार पर मानवाधिकार उल्लंघनों की स्वतंत्र जांच कराने, शांतिपूर्ण प्रदर्शन के लिए हिरासत में लिए गए लोगों को रिहा करने और अमेरिका में भारतीय राजनयिक मिशनों द्वारा प्रदर्शनकारियों की कथित निगरानी की जांच कराने के लिए दबाव बनाएं.