शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

तालाब में डूबने से तीन बच्चों की मौत, तीनों पुलिसकर्मियों के बेटे

H

Hupendra Sharma

06 सित. 2025, 02:52 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

 डूबने से तीन बच्चों की मौत
डूबने से तीन बच्चों की मौत

कोरबा | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में तालाब में डूबने से 3 बच्चों की मौत हो गई. तीनों बच्चे तालाब में नहाने गए थे, तभी यह हादसा हो गया. मरने वाले तीनों बच्चे आपस में दोस्त थे और पुलिस लाइन में रहने वाले पुलिसकर्मियों के बेटे थे. घटना के बाद से पुलिस विभाग और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है.


पुलिस के मुताबिक घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र के रिसदी गांव की है.


बताया गया कि शुक्रवार को दोपहर में पुलिस लाइन निवासी पुलिसकर्मी राजेश्वर ठाकुर का बेटा युवराज सिंह (9), जोलसा लकड़ा का बेटा आकाश लकड़ा (13) और स्व. अयोध्या जगत का बेटा प्रिंस जगत (12) तालाब में नहाने गए थे.


इस दौरान कुछ स्थानीय समितियों के लोग गणेश प्रतिमा विसर्जन करने तालाब गए थे. लोगों ने बताया कि विसर्जन के दौरान बच्चे दिखाई दिए. इसके बाद वे दूसरी ओर चले गए.


तीनों दोस्त नहाने के लिए तालाब में उतरे और गहरे पानी में चले गए और डूब गए. तालाब में मौजूद कुछ लोगों ने बच्चों को डूबते हुए देख बचाने के लिए दौड़े.


जब तक ग्रामीण वहां पहुंचे, बच्चे पानी के अंदर चले गए थे. ग्रामीणों की मदद से तुरंत बच्चों को पानी से बाहर निकाला गया.


आनन-फानन में फौरन तीनों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया. जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. 


इसके बाद सिविल लाइन पुलिस को सूचना दी गई. सूचना मिलते ही कोरबा एसपी सिद्धार्थ तिवारी सहित पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी अस्पताल पहुंचे.


स्थानीय लोगों के मुताबिक, जिस रिसदी तालाब में यह घटना हुई, वह काफी गहरा है. पहले भी इस तालाब में घटनाएं हो चुकी हैं.


इसके बावजूद सुरक्षा के कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं. इसे लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश है. 


जानकारी के मुताबिक, मरने वाले तीनों बच्चों में एक प्रिंस जगत के पिता का पहले ही निधन हो चुका है. उसकी मां सीमा पुलिस विभाग में आरक्षक के पद पर कार्यरत हैं.


वहीं, आकाश लकड़ा के पिता जोलसा लकड़ा हवलदार तथा युवराज सिंह का पिता राजेश्वर ठाकुर भी आरक्षक के पद पर कार्यरत हैं.


यह तीनों परिवार रिसदी मार्ग में स्थित पुलिस लाइन में रहते हैं. तीनों मासूमों की मौत से पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया. पुलिस लाइन में मातम का माहौल है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP