छत्तीसगढ़ में बारिश की रफ्तार होगी कम
रायपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ में पिछले कुछ दिनों से हो रही लगातार बारिश की गति में कमी आने वाली है. मौसम विभाग ने 6 सितंबर से पूरे प्रदेश में बारिश की तीव्रता और गतिविधि में कमी आने की संभावना जताई है.
हालांकि आज यानी शनिवार को कुछ जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. इस दौरान गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की भी आशंका है.
साथ ही तेज हवाओं के साथ आंधी भी चल सकती है. इसके दो दिनों बाद बारिश और कमजोर होगी और सिर्फ चुनिंदा इलाकों में हल्की बौछारें पड़ेंगी.
छत्तीसगढ़ के ज्यादातर जिलों में पिछले 24 घंटे के दौरान हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई. वहीं बिलासपुर और सरगुजा संभाग के कुछ स्थानों में भारी से अति भारी बारिश हुई है.
हालांकि मौसम विभाग का कहना है कि शुक्रवार को बारिश पिछले कुछ दिनों के मुकाबले कम हुई.
पिछले 24 घंटों में राज्य में सबसे ज्यादा बारिश भैसमा में 12 सेमी दर्ज की गई है. इसके अलावा पोंडी बचरा में 9 सेमी और अड़भार में 7 सेमी पानी गिरा है.
इसी तरह कटघोरा और रामानुजनगर में 6-6 सेमी बारिश दर्ज की गई. वहीं कई जिलों में 5 से 2 सेमी तक की वर्षा हुई.
सरगुजा-बस्तर में बारिश
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक उत्तर-पश्चिम मध्यप्रदेश और पूर्वी राजस्थान के पास एक स्पष्ट निम्न दबाव क्षेत्र सक्रिय है, जिसका असर छत्तीसगढ़ में भी पड़ रहा है. साथ ही जैसलमेर से बंगाल की खाड़ी तक फैली मानसून द्रोणिका अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में बौछारें देखने को मिल सकती है.
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 6 सितंबर को छत्तीसगढ़ के 12 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है.
जिसमें बलरामपुर, सरगुजा, रायगढ़, जशपुर, कोरबा, नारायणपुर और कोंडागांव शामिल है. कुछ जगहों पर गरज-चमक और वज्रपात की भी संभावना है.
अब तक 952.4 मिमी. बारिश
छत्तीसगढ़ में 1 जून से 5 सितंबर तक 952.4 मिमी. बारिश हुई है. जिसमें बलरामपुर जिले में सबसे अधिक 1329.0 मिमी. तो बेमेतरा जिले में सबसे कम 461.7 मिमी. बारिश दर्ज की गई है.
इसी प्रकार रायपुर संभाग के रायपुर जिले में 810.7 मिमी., बलौदाबाजार में 702.0 मिमी., गरियाबंद में 786.0 मिमी., महासमुंद में 695.9 मिमी. और धमतरी में 839.5 मिमी. औसत बारिश हुई है.
बिलासपुर संभाग के बिलासपुर जिले में 988.5 मिमी., मुंगेली में 966.2 मिमी., रायगढ़ में 1165.8 मिमी., सारंगढ़-बिलाईगढ़ में 809.9 मिमी., जांजगीर-चांपा में 1156.2 मिमी., सक्ती में 1049.8 मिमी., कोरबा में 1003.4 मिमी. और गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही 908.4 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है.
दुर्ग संभाग में दुर्ग जिले में 742.9 मिमी., कबीरधाम में 672.0 मिमी., राजनांदगांव में 830.8 मिमी., मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में 1170.9 मिमी., खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में 690.0 मिमी. और बालोद में 1013.8 मिमी. पानी अभी तक गिर चुका है.
सरगुजा संभाग में सरगुजा जिले में 679.8 मिमी., सूरजपुर में 1006.0 मिमी., जशपुर में 930.1 मिमी., कोरिया में 1059.2 मिमी. और मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में 956.0 मिमी. औसत बारिश दर्ज हुई है.
बस्तर संभाग में बस्तर जिले में 1317.4 मिमी., कोंडागांव जिले में 868.9 मिमी., कांकेर में 1078.9 मिमी., नारायणपुर में 1143.6 मिमी., दंतेवाड़ा में 1286.0 मिमी., सुकमा में 1021.8 मिमी. और बीजापुर में 1288.4 मिमी. औसत वर्षा रिकार्ड की जा चुकी है.