प्रधान पाठक को हटाने स्कूल में दूसरी बार जड़ा ताला
प्रधान पाठक को हटाने एक सप्ताह में दूसरी बार स्कूल में ताला बंदी
धमतरी | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के बोकराबेड़ा पूर्व माध्यमिक शाला में प्रधान पाठक को हटाने के लिए एक हफ्ते में दूसरी बार ताला बंदी की गई है. शाला में प्रधान पाठक की पुनः पदस्थापना से ग्रामीण और पालक नाराज हैं.
इससे पहले 16 जून को पालकों ने स्कूल के मेन गेट में ताला जड़ा था. प्रधान पाठक गिरीश कुमार जायसवाल पर छात्रों और स्टाफ के साथ अभद्र व्यवहार का आरोप है.
पिछले हफ्ते शाला प्रवेश उत्सव के दिन भी स्कूल पर ताला जड़कर पालकों ने धरना प्रदर्शन किया था. इसकी जानकारी मिलते ही शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर एक सप्ताह में कार्रवाई का आश्वासन दिया था.
डीईओ से मिले आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने धरना समाप्त किया था. लेकिन संतोषजनक कार्रवाई नहीं होने से एक सप्ताह बाद फिर से ग्रामीणों और पालकों में विरोध भड़क गया. सोमवार को स्कूल खुलते ही पालकों के साथ छात्रों ने स्कूल में ताला बंदी की और फिर से स्कूल के बाहर प्रदर्शन शुरू कर दिया.
प्रदर्शनकारियों ने स्कूल के बाहर बैठकर जमकर नारेबाजी की. पालकों का आरोप है कि प्रधान पाठक गिरीश जायसवाल के कारण बच्चों की पढ़ाई बाधित हुई थी. ग्रामीणों ने इसकी शिकायत की थी. उसके बाद भी शिक्षा विभाग ने उन्हें फिर से स्कूल में पदस्थ कर दिया.
ग्रामीणों की मांग है कि प्रधान पाठक को तत्काल प्रभाव से स्कूल से हटाया जाए. उनकी जगह किसी योग्य व संवेदनशीन प्रधान पाठक की नियुक्ति की जाए. ग्रामीणों के साथ पालकों ने चेतावनी दी है कि शीघ्र ही प्रधान पाठक को हटाने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा.