प्लास्टिक वेस्ट से बनी चर्चित सड़क उखड़ी, गरमाई सियासत
जगदलपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में प्लास्टिक अपशिष्ट से बनी पीएमजीएसवाय की सड़क अपने निर्माण कार्य के महज दो महीने में ही उखड़ गई. यह सड़क पहली बारिश की मार भी झेल नहीं पाया. जिसे लेकर अब प्रदेश की राजनीति गरमा गई है. पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव के बीच जुबानी जंग शुरू है.
दीपक बैज जहां इस सड़क को भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ी सड़क बता रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ किरण देव प्लास्टिक अपशिष्ट से प्रायोगिक तौर पर बनी इस सड़क को नया अविष्कार बता रहे हैं. साथ ही कुछ खामियां है उसे दूर कर लेने की बात कह रहे हैं.
दरअसल, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत जगदलपुर शहर से करीब 35 किलोमीटर दूर कालागुड़ा से कावापाल तक सड़क का निर्माण कराया गया है. जिसकी कुल लंबाई 5. 5 किलोमीटर है.
इस सड़क की लागत 96.49 लाख रुपए है. जिसे ठेकेदार कुशवाह कंट्रक्शन कंपनी जगदलपुर द्वारा बनाया गया है. सड़क निर्माण का कार्य 11 दिसंबर 2024 को शुरू किया गया और निर्धारित समय जून 2025 तक पूरा कर लिया गया.
खास बात यह है कि इस सड़क का निर्माण प्लास्टिक अपशिष्ट से किया गया. छत्तीसगढ़ में पहली बार प्रायोगिक तौर पर प्लास्टिक के वेस्ट मटेरियल से बनी इस सड़क ने छत्तीसगढ़ ही नहीं पूरे भारत देश में सुर्खियां बटोरी, कि पहली बार प्लास्टिक वेस्ट मटेरियल से सड़क का निर्माण कराया गया है.
खुद छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भी इस सड़क को लेकर ट्वीट किया था. वहीं बस्तर के जन प्रतिनिधियों और जिला प्रशासन ने भी वाहवाही लूटी थी.
लेकिन जून महीने में बनी यह सड़क पहली बारिश में ही उखड़ गई. खास बात यह है कि जहां निर्माण कार्य का बोर्ड लगाया गया है, वहीं से सड़क उखड़ने लगपीसीसी अध्यक्ष ने भ्रष्टाचार का लगाया आरोप है.
इस मामले में पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज ने आरोप लगाते हुए कहा है कि सड़क उखड़ने से कालागुड़ा कावापाल के ग्रामीणों में भी काफी नाराजगी है. सड़क से डामरयुक्त गिट्टी पूरी तरह से उखड़ रही है. पहली बारिश से सड़क निर्माण की गुणवत्ता की पोल खुल गई.
उन्होंने आरोप लगाया है कि सड़क निर्माण में ठेकेदार संबंधित इंजीनियर व जिम्मेदार अधिकारियों ने जमकर भ्रष्टाचार किया है.
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री बस्तर में बनी इस सड़क को ट्वीट कर देश में दिखाना चाहते हैं, ऐसी स्थिति में मुख्यमंत्री को दोबारा उखड़ी हुई सड़क की तस्वीर को रिट्वीट करना चाहिए और बताना चाहिए की बरसात से पहले हमारी सरकार में सड़कें ऐसी बनती है और बरसात के बाद सड़कों की हालत ऐसी हो जाती है.
उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में सड़कों की हालत खराब है. बरसात से पहले सड़क बनती है और बरसात के मौसम में उखड़ जाती है.
ठेकेदार से कराई जाएगी मरम्मत
इधर प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना विभाग के सहायक अभियंता अनिल सहारे का कहना है कि विभाग के सभी अधिकारियों की मौजूदगी में इस सड़क का निर्माण कार्य कराया गया है.
पहली बार प्रायोगिक तौर पर प्लास्टिक अपशिष्ट से सड़क निर्माण किया गया. हालांकि कुछ जगहों में सड़क जरूर उखड़ी हुई नजर आ रही है, जिसे जल्द मरम्मत करा लिया जाएगा.
जांच के बाद होगी कार्रवाई
इस मामले में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष किरण देव का कहना है कि यह सड़क प्लास्टिक अपशिष्ट से प्रायोगिक तौर पर बनाई गई है. जरूर इसमें कुछ खामियां हो सकती हैं. जिसे संबंधित विभाग के अधिकारी को बोलकर दूर किया जाएगा.
उन्होंने कहा कि जल्द ही इस सड़क को सुधारने का कार्य किया जाएगा. किरण देव ने कहा कि बिना भौतिक सत्यापन के ठेकेदार को पूरा भुगतान नहीं किया जाएगा.
किरण देव ने दीपक बैज के आरोप पर जवाब देते हुए कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में भवन निर्माण से लेकर सड़क निर्माण कार्यों में जमकर भ्रष्टाचार किया गया था, लेकिन भाजपा सरकार आने के बाद एक-एक कार्यों की गुणवत्ता की जांच की जाती है. अगर इस सड़क में ठेकेदार द्वारा लापरवाही बरती गई है तो जरूर इस पर कार्रवाई भी की जाएगी.