तेलंगाना के माओवादी नेता आज़ाद का आत्मसमर्पण
सुकमा । संवाददाता: तेलगांना के अल्लूरी और भद्राद्री जिलों के एक प्रमुख माओवादी नेता आज़ाद सहित 8 माओवादियों ने हथियारों के साथ आत्मसमर्पण किया है. पुलिस सूत्रों से प्राप्त प्रारंभिक जानकारी के अनुसार एजेंसी क्षेत्रों में माओवादियों के शीर्ष नेता आज़ाद ने 15 नवंबर, 2025 को मुलुगु जिला पुलिस कार्यालय में वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में आत्मसमर्पण किया.
आज़ाद उर्फ कोयाडा सम्बय्या उर्फ गोपन्ना, बीकेएएसआर जिला सचिव और विशेष क्षेत्रीय समिति सदस्य है. वह तेलंगाना राज्य समिति सदस्य के पद पर रह चुका है.
पुलिस इस आत्मसमर्पण को माओवादी पार्टी के लिए एक बड़ा झटका मान रही है.आज़ाद कई वर्षों से दोनों जिलों के एजेंसी क्षेत्र में सक्रिय है और माओवादी संगठन में प्रमुख पदों पर रहा है.
एएसआर जिले के चिंतूर और वीआर पुरम और भद्राद्री कोत्तागुडेम जिले के चेरला और वेंकटापुरम के सीमावर्ती इलाकों में उसका प्रभाव सबसे अधिक है.
बताया जा रहा है कि माओवादी पार्टी में आंतरिक मतभेदों के कारण नक्सली आत्मसमर्पण कर रहे हैं.
मुलुगु ज़िले के पुलिस अधीक्षक और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा आज़ाद के आत्मसमर्पण की पूरी जानकारी जल्द ही आधिकारिक रूप से घोषित की जाएगी.