तेलंगाना में 41 माओवादियों का आत्मसमर्पण
हैदराबाद । डेस्क: तेलंगाना में 41 माओवादियों ने सरेंडर कर दिया है. भाकपा (माओवादी) की कंपनी प्लाटून और डिवीजनल कमेटी स्तर के छह वरिष्ठ पदाधिकारियों सहित 41 भूमिगत कैडरों ने तेलंगाना पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया है. तेलंगाना के पुलिस महानिदेशक बी. शिवधर रेड्डी ने शुक्रवार को बताया कि इन कैडरों ने हिंसा का रास्ता छोड़कर समाज की मुख्यधारा में शामिल होने का फैसला किया है.
आत्मसमर्पण करने वाले माओवादियों ने पुलिस को 24 हथियार सौंपे हैं, जिनमें एक इंसास एलएमजी (INSAS LMG), तीन एके-47 राइफलें और पांच एसएलआर राइफलें शामिल हैं, साथ ही भारी मात्रा में गोला-बारूद भी बरामद किया गया है.
पुलिस के अनुसार, संगठन के नेतृत्व द्वारा सदस्यों को बिना उनकी सहमति के अनजान और दूरदराज के क्षेत्रों में तैनात किए जाने के कारण कैडरों में भारी असंतोष था. डीजीपी ने बताया कि बुनियादी सुविधाओं की कमी और कठिन परिस्थितियों के चलते कैडरों का मनोबल गिर रहा था.
राज्य और केंद्र की राहत एवं पुनर्वास नीति के तहत इन कैडरों को कुल 1.46 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि वितरित की जाएगी.
आंकड़ों के अनुसार, साल 2025 में अब तक तेलंगाना में कुल 509 माओवादी आत्मसमर्पण कर चुके हैं, जो इस संगठन के गिरते प्रभाव को दर्शाता है.
डीजीपी ने यह भी स्पष्ट किया कि केंद्र सरकार द्वारा मार्च 2026 तक माओवाद को समाप्त करने के लक्ष्य के बीच, संगठन का नेतृत्व अपने कैडरों को गुमराह कर रहा है. Symbolic Photo