शुभेंदु अधिकारी CM बने, मंत्रिमंडल में 5 चेहरों को मिली जगह
कोलकाता । डेस्क: पश्चिम बंगाल की राजनीति में एक नए अध्याय की शुरुआत करते हुए शुभेंदु अधिकारी ने राज्य के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण कर ली है. ब्रिगेड परेड ग्राउंड में आयोजित एक भव्य समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों की उपस्थिति में राज्यपाल ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई.
हाल ही में घोषित चुनाव परिणामों में भाजपा ने 207 सीटें जीतकर पूर्ण बहुमत हासिल किया है, जिसके बाद शुक्रवार को अमित शाह ने शुभेंदु अधिकारी के नाम पर मुहर लगाई थी.
मुख्यमंत्री के साथ उनके मंत्रिमंडल के पांच महत्वपूर्ण सदस्यों ने भी शपथ ली, जिनमें उत्तर और दक्षिण बंगाल के समीकरणों का विशेष ध्यान रखा गया है. मंत्रिमंडल में दिलीप घोष, अग्निमित्रा पॉल, अशोक कीर्तनिया, निशीथ प्रमाणिक और खुदीराम टुडू को शामिल किया गया है.
इन मंत्रियों में आदिवासी और मतुआ समुदाय का प्रतिनिधित्व भी सुनिश्चित किया गया है. शपथ ग्रहण के क्रम में शुभेंदु अधिकारी के बाद दिलीप घोष ने शपथ ली, और उनके बाद क्रमशः अग्निमित्रा पॉल, अशोक कीर्तनिया, खुदीराम टुडू और अंत में निशीथ प्रमाणिक ने पदभार ग्रहण किया.
निर्वाचन क्षेत्रों की बात करें तो मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने भवानीपुर और नंदीग्राम दोनों सीटों से जीत दर्ज की है. वहीं, दिलीप घोष खड़गपुर सदर, अग्निमित्रा पॉल आसनसोल दक्षिण, अशोक कीर्तनिया बनगांव उत्तर, खुदीराम टुडू बांकुड़ा के रानीबांध और निशीथ प्रमाणिक कूचबिहार के माथाभांगा निर्वाचन क्षेत्र से विधायक चुने गए हैं.
हालांकि, नई कैबिनेट के इन मंत्रियों को कौन से विभाग सौंपे जाएंगे, इसकी आधिकारिक घोषणा अभी नहीं की गई है. भाजपा नेतृत्व ने पहले ही स्पष्ट किया था कि राज्य की कमान किसी बंगाली नेता के हाथ में ही होगी, जिस पर अमल करते हुए शुभेंदु अधिकारी को सर्वसम्मति से विधायक दल का नेता चुना गया.