शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

सरगुजा: आकाशीय बिजली गिरने से दो की मौत, दो गंभीर

C

CG Khabar

18 जुल. 2026, 01:16 PM 2 मिनट में पढ़ें 1

आकाशीय बिजली से मौत
आकाशीय बिजली से मौत

अंबिकापुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में लुंड्रा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम नागम में आकाशीय बिजली की चपेट में आने से दो मासूम बच्चों की जान चली गई. वहीं इस हादसे में दो सगे भाई गंभीर रूप से झुलस गए हैं, जिन्हें इलाज के लिए तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है. 


राहत की बात यह है कि डॉक्टरों ने दोनों घायल भाइयों की स्थिति को नियंत्रण में और खतरे से बाहर बताया है.


प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की शाम करीब 5 बजे क्षेत्र में हल्की बारिश शुरू हुई थी. इसी दौरान गांव के चार बच्चे पानी से बचने और मोबाइल देखने के लिए एक पेड़ के नीचे बैठ गए. वे चारों आपस में मोबाइल देख ही रहे थे कि अचानक तेज गर्जना के साथ आसमानी बिजली सीधे उसी पेड़ पर आ गिरी, जिसकी चपेट में चारों बच्चे आ गए. 


स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि बरसात शुरू होने के बाद भी बच्चे पेड़ के नीचे ही रुके रह गए थे, जो इस दर्दनाक हादसे की वजह बन गया. इस घटना के बाद से पूरे नागम गांव में मातम पसरा हुआ है.


इस आकाशीय आपदा में जान गंवाने वाले बच्चों की पहचान 12 वर्षीय रंजीत नगेशिया (पिता लोहरा नगेशिया) और 12 वर्षीय रोशन नगेशिया (पिता विजय नगेशिया) के रूप में हुई है, जिन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया था. वहीं हादसे में घायल हुए बच्चों में 11 वर्षीय प्रभु राम और उसका बड़ा भाई 13 वर्षीय दिनेश (दोनों के पिता भीमसाय) शामिल हैं, जिनका अस्पताल में उपचार किया जा रहा है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP