सरगुजा: स्वीपर ने कराया प्रसव, नवजात की मौत
अंबिकापुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में लखनपुर विकासखंड के कुन्नी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरों और नर्सों की अनुपस्थिति के कारण एक स्वीपर द्वारा प्रसव कराने का प्रयास किया गया. इस दौरान नवजात की मौत हो गई, जिसके बाद पीड़ित परिवार ने अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही के गंभीर आरोप लगाए हैं.
परिजनों का कहना है कि यदि समय पर डॉक्टर या नर्स उपलब्ध होते, तो उनके बच्चे की जान बच सकती थी.
जानकारी के अनुसार, ग्राम जमदरा निवासी गौरी यादव को प्रसव पीड़ा होने पर 16 फरवरी की रात करीब 11 बजे अस्पताल लाया गया था. आरोप है कि उस दौरान वहां कोई भी जिम्मेदार चिकित्सा कर्मी मौजूद नहीं था, जिसके बाद अस्पताल की स्वीपर श्याम पति ने महिला को भर्ती किया और जांच शुरू की.
18 फरवरी की सुबह करीब 7 बजे जब स्वीपर ने स्वयं प्रसव कराने की कोशिश की, तो बच्चा फंस गया. हालांकि, इसी बीच डॉक्टर मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी और नवजात ने दम तोड़ दिया.
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी पी.एस. मार्को ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि यह 'ब्रीच प्रेजेंटेशन' (बच्चे का उल्टा होना) का मामला था, जो काफी जटिल होता है.
उन्होंने स्वीकार किया कि घटना के वक्त ड्यूटी पर तैनात नर्स काम पर नहीं आई थी, जबकि अन्य दो नर्सें मेडिकल लीव पर थीं.
मामले की गंभीरता को देखते हुए ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर को जांच के निर्देश दिए गए हैं. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद कर्तव्य में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.