सरगुजा: पत्नी के जहर खाने से घबराए पति ने लगाई फांसी, इलाज के दौरान महिला ने भी तोड़ा दम
सरगुजा के लिचिरमा गांव में शराब के विवाद ने एक ही परिवार के दो लोगों की जान ले ली. पहले पत्नी ने कीटनाशक पी लिया और उसकी नाजुक हालत की खबर सुनकर पति ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. इसके दो दिन बाद अस्पताल में इलाज के दौरान पत्नी ने भी दम तोड़ दिया.
अंबिकापुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के सीतापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत लिचिरमा गांव में शराब पीने को लेकर हुए मामूली विवाद ने पति-पत्नी दोनों की जान ले ली. शनिवार को होलीक्रॉस हॉस्पिटल में इलाज के दौरान 43 वर्षीय सुखमनी ने दम तोड़ दिया, जबकि इससे महज दो दिन पहले ही उसकी बिगड़ती हालत की खबर सुनकर 45 वर्षीय पति सखीराम ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी.
इस पूरे घटनाक्रम की शुरुआत 16 नवंबर को हुई थी, जब सुखमनी और उसके पति सखीराम के बीच शराब पीने की बात पर झगड़ा हो गया. पत्नी इस बात से बेहद परेशान थी कि सखीराम कोई काम-धंधा नहीं करता और शराब पीकर गांव में घूमता रहता है. आपसी विवाद इतना बढ़ गया कि क्षुब्ध होकर सुखमनी ने घर में रखा कीटनाशक पी लिया.
जहर खाने के बाद परिजन आनन-फानन में सुखमनी को सीतापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे. वहां उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे अंबिकापुर के एमआरएस हॉस्पिटल रेफर कर दिया. अंबिकापुर में भी जब स्वास्थ्य में सुधार नहीं हुआ और हालत बिगड़ने लगी, तो उसे मिशन हॉस्पिटल में दाखिल कराया गया.
उधर, 19 नवंबर को जब पति सखीराम को पत्नी की हालत लगातार बिगड़ने की जानकारी मिली, तो उसने घर में ही फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली. सूचना मिलने पर पुलिस ने सखीराम के शव का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया, जिसके बाद 20 नवंबर को उसका अंतिम संस्कार किया गया.
पति की मौत के बाद रायपुर में भर्ती सुखमनी की तबीयत और अधिक बिगड़ गई और आखिरकार शनिवार को होलीक्रॉस हॉस्पिटल में उपचार के दौरान उसकी भी मृत्यु हो गई. फिलहाल, पुलिस ने महिला के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है.