सरगुजा: छात्राओं से मालिश व कपड़े धुलवाने वाली महिला गार्ड हटाई गई
अंबिकापुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले से छात्राओं के साथ बदसलूकी और उत्पीड़न का एक गंभीर मामला सामने आया है. उदयपुर थाना क्षेत्र के खमरिया स्थित शासकीय प्री-मैट्रिक बालिका छात्रावास में रहने वाली छात्राओं ने सुरक्षा में तैनात महिला होमगार्ड पर गंभीर आरोप लगाए हैं. छात्राओं का कहना है कि महिला गार्ड उनसे अपनी वर्दी धुलवाती थी और रात में सोने से पहले जबरन मालिश करवाती थी.
जब कोई छात्रा इसका विरोध करती, तो उसे दूसरे कमरे में बंद करने और छात्रावास से निष्कासित करने की धमकी दी जाती थी. इस डर से करीब 80 छात्राएं चुपचाप प्रताड़ना सहने को मजबूर थीं.
मामले का खुलासा उस वक्त हुआ जब जिला पंचायत सदस्य राधा रवि औचक निरीक्षण के लिए खमरिया गर्ल्स हॉस्टल पहुंचीं. निरीक्षण के दौरान हॉस्टल में कोई भी जिम्मेदार अधिकारी उपस्थित नहीं था. जब राधा रवि ने छात्राओं से उनके खान-पान और पढ़ाई के संबंध में बातचीत की, तो छात्राएं भावुक होकर रोने लगीं और अपनी आपबीती सुनाई.
घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें जिला पंचायत सदस्य रोती हुई छात्राओं को ढांढस बंधाते हुए कह रही हैं कि सरकार कर्मचारियों को सैलरी इसलिए नहीं देती कि वे बच्चों से अपना व्यक्तिगत काम कराएं. उन्होंने छात्राओं को आश्वासन दिया कि उन्हें डरने की जरूरत नहीं है और वे बेफिक्र होकर अपनी पढ़ाई पर ध्यान दें.
इस घटना की जानकारी मिलते ही आदिवासी विकास विभाग हरकत में आ गया. जिला पंचायत सदस्य की शिकायत पर सहायक आयुक्त ललित शुक्ला ने तत्काल संज्ञान लेते हुए मंडल संयोजक नवीन कुमार कश्यप को जांच के आदेश दिए.
जांच अधिकारी ने छात्रावास पहुंचकर पीड़ित छात्राओं के बयान दर्ज किए और अपनी रिपोर्ट वरिष्ठ अधिकारियों को सौंपी. जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला होमगार्ड रविसूर्या राजवाड़े को तत्काल प्रभाव से छात्रावास से हटा दिया गया है.
गौरतलब है कि खमरिया में संचालित इस शासकीय परिसर में कक्षा 6वीं से 10वीं तक की छात्राएं रहकर पढ़ाई करती हैं, जिनमें से अधिकांश ग्रामीण परिवेश से आती हैं. छात्राओं ने बताया कि पढ़ाई के समय ही उनसे निजी काम कराए जाते थे, जिससे उनकी शिक्षा पर बुरा असर पड़ रहा था.
वहीं, हायर सेकेंडरी स्कूल के प्रिंसिपल सुनील सिंह ने स्पष्ट किया है कि हॉस्टल की निगरानी की सीधी जिम्मेदारी मंडल संयोजक की होती है और छात्राओं ने इससे पहले स्कूल प्रबंधन के समक्ष इस प्रकार की प्रताड़ना की कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई थी. फिलहाल विभाग आरोपी गार्ड के खिलाफ आगे की कड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की तैयारी कर रहा है.