सरगुजा: नाबालिग से दुष्कर्म के आरोप में उपसरपंच का पति गिरफ्तार
अंबिकापुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले स्थित कोतवाली थाना क्षेत्र में एक 14 वर्षीय आदिवासी छात्रा के साथ दरिंदगी का मामला दर्ज किया गया है. आरोप गाँव की उपसरपंच के पति तरुण जायसवाल पर लगा है.
वारदात के बाद गाँव में भारी आक्रोश फैल गया, जिसके बाद बुधवार देर शाम करीब 100 से अधिक ग्रामीणों और परिजनों ने थाने पहुंचकर हंगामा किया और न्याय की गुहार लगाई.
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी को अंबिकापुर के चोपड़ापारा से हिरासत में ले लिया है और उससे आगे की पूछताछ की जा रही है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित छात्रा 7वीं कक्षा में पढ़ती है और पढ़ाई के साथ-साथ सुबह-शाम उपसरपंच के घर खाना बनाने व काम करने जाती थी.
आरोप है कि 20 जुलाई की शाम जब वह किचन में काम कर रही थी, तब आरोपी तरुण जायसवाल उसे जबरन कमरे में ले गया. वहाँ उसने पीड़िता को मोबाइल पर अश्लील वीडियो दिखाया और उसके साथ दुष्कर्म किया. छात्रा के विरोध करने और शोर मचाने पर आरोपी ने उसके मुँह में कपड़ा ठूँस दिया था. देर रात जब पीड़िता घर पहुँची, तो उसने रोते हुए परिजनों को आपबीती सुनाई.
घटना के अगले दिन मामला दबाने की नीयत से आरोपी पक्ष ने पीड़िता के परिवार को पैसों का लालच देने की कोशिश की और पुलिस में शिकायत न करने के लिए धमकियाँ भी दीं.
यहाँ तक कि परिजनों की आवाजाही पर नज़र भी रखी जा रही थी. हालांकि, पीड़िता के पिता ने इस दबाव के आगे झुकने से इनकार कर दिया और सामाजिक बैठक बुलाकर पूरे मामले की जानकारी दी.
समाज और ग्रामीणों के सहयोग से यह मामला कोतवाली थाने पहुँचा, जहाँ पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 65(1) और पॉक्सो (POCSO) एक्ट के तहत मामला पंजीकृत किया है. पुलिस प्रशासन के अनुसार पीड़िता का मेडिकल परीक्षण करा लिया गया है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है.