रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

सूरजपुर: हॉस्टल में खराब खाने से नाराज छात्राओं का चक्काजाम

C

CG Khabar

25 अग. 2026, 02:05 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

सूरजपुर
सूरजपुर

सूरजपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के भुवनेश्वरपुर कस्बे में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब प्री-मैट्रिक छात्रावास की छात्राएं खराब भोजन और सुविधाओं की बदहाली को लेकर सड़कों पर उतर आईं. समय पर खाना न मिलने और मेस में लचर व्यवस्था का आरोप लगाते हुए दर्जनों छात्राओं ने प्रशासनिक लापरवाही के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया. 


आक्रोशित छात्राओं ने छात्रावास की वार्डन पर गंभीर आरोप लगाते हुए उन्हें तुरंत पद से हटाने की मांग की है.

विज्ञापन


प्रदर्शनकारी छात्राओं का कहना है कि हॉस्टल में बुनियादी सुविधाओं का घोर अभाव है, जिसके कारण उन्हें रोजमर्रा के कामों में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. मेस में घटिया खाना मिलने की वजह से उन्हें मजबूरी में अपनी जेब से पैसे खर्च कर बाहर से खाना मंगवाना पड़ता है.


छात्राओं के सड़क पर बैठने की खबर मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और उन्हें समझाने की कोशिश की. इसके बाद जनजाति विभाग के सहायक निदेशक बिजेंद्र एक्का ने भी मौके पर पहुंचकर छात्राओं से बात की और उनकी समस्याएं सुनीं. उन्होंने आश्वासन दिया कि छात्रावास की व्यवस्था में सुधार के लिए तुरंत आवश्यक कदम उठाए जाएंगे.


अधिकारी के ठोस आश्वासन के बाद छात्राओं ने अपना आंदोलन फिलहाल समाप्त कर दिया है. हालांकि, प्रशासन को चेतावनी देते हुए उन्होंने अल्टीमेटम दिया है कि यदि जल्द ही व्यवस्थाओं में सुधार नहीं हुआ, तो वे दोबारा बड़ा आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगी.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP