रायपुर में ट्रिपल मर्डर के बाद खुदकुशी की कोशिश
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के माना थाना क्षेत्र में डुमरतराई के साहूपारा इलाके में एक व्यक्ति ने घरेलू विवाद और कथित चरित्र शंका के चलते अपनी पत्नी और दो मासूम बच्चों को मौत के घाट उतार दिया. इस भीषण वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने खुद पर भी जानलेवा हमला कर जीवनलीला समाप्त करने का प्रयास किया.
वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और लहूलुहान हालत में आरोपी को अपनी हिरासत में लिया. उसे गंभीर स्थिति में उपचार के लिए राजधानी के अंबेडकर अस्पताल (मेकाहारा) में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज जारी है.
इसके साथ ही पुलिस ने तीनों मृतकों के शवों का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अपराध स्थल को सील कर दिया है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मूल रूप से बालोद जिले का निवासी भुनेश्वर साहू साहूपारा में एक किराए के मकान में अपने परिवार के साथ रहता था.
देर रात पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस हुई, जिसके बाद गुस्साए भुनेश्वर ने अपनी पत्नी खिलेश्वरी साहू पर धारदार चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए. इसके तुरंत बाद उसने अपने दो मासूम बेटों, 10 वर्षीय आशीष और 8 वर्षीय ज्ञान पर भी हमला कर दिया. हमले में अत्यधिक खून बह जाने के कारण तीनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया.
पुलिस अब आसपास के निवासियों और पड़ोसियों से पूछताछ कर मामले के हर पहलू की गहराई से छानबीन कर रही है. जांच अधिकारियों का कहना है कि वे उन सभी परिस्थितियों और कारणों का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं, जिनकी वजह से यह दुखद घटना घटित हुई. केस में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है.