छत्तीसगढ़ की बेटी सृष्टि साहू प्रधानमंत्री मोदी से पूछेंगी सवाल
रायपुर । संवाददाता: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वार्षिक संवाद कार्यक्रम 'परीक्षा पे चर्चा' के नौवें संस्करण के लिए छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले की सृष्टि साहू का चयन हुआ है. नयापारा स्थित शासकीय स्कूल में कक्षा 12वीं की छात्रा सृष्टि, छत्तीसगढ़ से चुनी गई एकमात्र छात्रा हैं, जिन्हें फरवरी के पहले सप्ताह में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री से सीधा सवाल करने का दुर्लभ अवसर प्राप्त हुआ है.
चयन प्रक्रिया के दौरान दो बार स्क्रीनिंग से गुजरने वाली सृष्टि ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय माता-पिता और शिक्षकों को दिया है.
स्कूल की प्राचार्य एमी रूफस ने इसे पूरे राज्य के लिए गौरव का क्षण बताते हुए कहा कि वीडियो सबमिशन और कड़े अभ्यास के माध्यम से सृष्टि को इस संवाद के लिए तैयार किया गया है.
इस कार्यक्रम के जरिए सृष्टि न केवल परीक्षा के तनाव को दूर करने के गुर सीखेंगी, बल्कि देश के विभिन्न हिस्सों से आए विद्यार्थियों के साथ सांस्कृतिक अनुभव भी साझा करेंगी.