शशांक सिंह ने अब पुडुचेरी से खेलेंगे
रायपुर । संवाददाता: आईपीएल में पंजाब किंग्स के उप-कप्तान और भारत के उभरते ऑलराउंडर शशांक सिंह ने छत्तीसगढ़ राज्य क्रिकेट संघ (CSCS) से अपने रास्ते अलग कर लिए हैं. राज्य संघ द्वारा 'अनापत्ति प्रमाण पत्र' (NOC) जारी होने के बाद अब वह आगामी 2026-27 घरेलू सत्र में पुडुचेरी की ओर से खेलते नजर आएंगे.
शशांक ने छत्तीसगढ़ क्रिकेट संघ के अधिकारियों पर लंबे समय से उपेक्षा, अनुचित व्यवहार और चोटों को लेकर झूठे आरोप लगाने का गंभीर आरोप लगाया है.
शशांक के मुताबिक, विवाद की शुरुआत पिछले रणजी ट्रॉफी सत्र में हुई थी जब मुंबई के खिलाफ मैच के दौरान उन्हें कंधे में 'ग्रेड 2 स्ट्रेन' आया था. चोट के बावजूद बल्लेबाजी करने के बाद भी संघ के अधिकारियों ने उन पर प्रतिबद्धता की कमी के आरोप लगाए.
इसके बाद विजय हजारे ट्रॉफी से ठीक पहले बेंगलुरू के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में अभ्यास के दौरान उनकी अंगुली में फ्रैक्चर हो गया था, जिसे भी संघ के पदाधिकारियों ने गंभीरता से नहीं लिया.
अपनी इस लगातार अनदेखी से निराश शशांक ने बताया कि हाल ही में उन्हें बिना कोई ठोस कारण बताए छत्तीसगढ़ क्रिकेट प्रीमियर लीग और राज्य के संभावित खिलाड़ियों के कंडीशनिंग कैंप से बाहर कर दिया गया था.
बीसीसीआई के सर्वश्रेष्ठ घरेलू व्हाइट-बॉल ऑलराउंडर का पुरस्कार जीत चुके शशांक ने कहा कि वह किसी विशेष व्यवहार की उम्मीद नहीं कर रहे थे, लेकिन अधिकारियों का रवैया संवादहीनता और उपहास से भरा था.
चोटों के इतिहास को देखते हुए शशांक अब केवल सीमित ओवरों (व्हाइट-बॉल) के क्रिकेट पर ध्यान केंद्रित करना चाहते हैं. पुडुचेरी क्रिकेट संघ ने उनकी इस शर्त को स्वीकार कर लिया है.
दूसरी ओर, छत्तीसगढ़ क्रिकेट संघ के वरिष्ठ अधिकारी ने इस पूरे मामले पर अधिक टिप्पणी करने से इनकार करते हुए कहा कि खिलाड़ी की मांग पर एनओसी जारी कर दी गई है और उनके बयान उनकी व्यक्तिगत राय हैं.