सक्ती: ट्रेन की चपेट में आने से 14 साल के बच्चे की मौत
सक्ती । डेस्क: छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में पटरियों के पास बैठकर मोबाइल गेम खेलने और कानों में ईयरफोन लगाए होने के कारण दो छात्र तेज रफ्तार मालगाड़ी की चपेट में आ गए. इस भीषण हादसे में 14 वर्षीय छात्र टिकेश साहू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया.
घटना सक्ती जिले के बाराद्वार इलाके की है, जहां नौवीं कक्षा में पढ़ने वाले चार दोस्त रेलवे ट्रैक के पास बैठकर अपने मोबाइल पर गेम खेल रहे थे. इसी दौरान दो दोस्त पास के गणेश पंडाल से प्रसाद लेने चले गए, जबकि टिकेश और उसका साथी वहीं बैठकर गेम खेलते रहे.
दोनों ने कानों में ईयरफोन लगा रखा था और गेम में इतने मशगूल थे कि उन्हें बाराद्वार की तरफ से आ रही मालगाड़ी की आवाज सुनाई ही नहीं दी.
जब तक दोनों को खतरे का अहसास होता, तब तक मालगाड़ी बेहद करीब आ चुकी थी. ट्रेन की टक्कर से टिकेश की मौके पर ही जान चली गई, वहीं उसका दोस्त नवीन के सिर, कंधे और पैर में गंभीर चोटें आने से लहूलुहान हो गया. हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घायल छात्र को अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए चांपा रेफर कर दिया गया.
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है. इस दुखद घटना के बाद से मृतक के परिवार और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है. वहीं, स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र के कई बच्चे अक्सर पटरियों के पास बैठकर गेम खेलने की खतरनाक आदत के शिकार हैं, जो आए दिन हादसों को न्योता दे रही है.