सहारा इंडिया ठगी मामला: फरार पूर्व शाखा प्रबंधक गिरफ्तार
रायगढ़ । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में सहारा इंडिया के माध्यम से 3,848 निवेशकों से करीब 40.78 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी करने के आरोपी पूर्व शाखा प्रबंधक को पुलिस ने धर दबोचा है. कबीर चौक शाखा का पूर्व प्रमुख विजय कुमार सराफ (54 वर्ष) पिछले लगभग तीन सालों से पुलिस को चकमा देकर फरार चल रहा था.
पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी अपने ससुराल आया हुआ है, जिसके बाद घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया और अदालत के आदेश पर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया.
यह मामला सितंबर 2022 में रायगढ़ के कोतवाली थाने में दर्ज कराया गया था. पीड़ित निवेशक का आरोप था कि वर्ष 2017 में सहारा अधिकारियों ने कंपनी को भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) द्वारा मान्यता प्राप्त बताकर उनकी और उनके परिवार की ₹40 लाख की राशि विभिन्न योजनाओं में निवेश करा ली थी.
अवधि पूरी होने (मैच्योरिटी) के बाद भी जब मूलधन और ब्याज नहीं लौटाया गया, तब ठगी का अहसास हुआ.
जांच में खुलासा हुआ कि सहारा इंडिया के नाम पर पैसे जुटाए गए, लेकिन निवेशकों को अलग-अलग सहकारी समितियों के बॉन्ड जारी कर दिए गए.
पुलिस अब तक इस मामले में पांच अन्य अधिकारियों को गिरफ्तार कर चुकी है. पुलिस जांच के दौरान आरोपी के पास से पहचान पत्र, नियुक्ति पत्र, बैंक खाते, जमीन के दस्तावेज तथा अपराध की कमाई से खरीदी गई कार और बाइक जब्त की गई है.