रूसी पर्यटकों को मिलेगा 30 दिनों का मुफ्त ई-वीजा- PM मोदी
नई दिल्ली । डेस्क: भारत और रूस ने अपने आर्थिक संबंधों को और सुदृढ़ करते हुए 2030 तक दोनों देशों के बीच रणनीतिक आर्थिक विस्तार पर सहमति जताई है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने अपनी लंबी बैठक में दोनों देशों के बीच आर्थिक समझ को और मजबूत करने पर गहन चर्चा की.
बैठक के बाद संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में प्रधानमंत्री मोदी ने इस बात का उल्लेख किया. उन्होंने यह भी घोषणा की कि भारत जल्द ही रूसी पर्यटकों के लिए ई-वीजा सुविधा शुरू करेगा.
राष्ट्रपति पुतिन के साथ खड़े होकर पीएम मोदी ने घोषणा की, "मैं खुशी के साथ घोषणा करता हूं कि हम जल्द ही बिना किसी प्रोसेसिंग फीस के 30 दिनों का मुफ्त ई-टूरिस्ट वीजा और ग्रुप टूरिस्ट वीजा शुरू करेंगे. यह दोनों देशों के लोगों के लिए नए अवसर पैदा करेगा." मोदी ने यह भी बताया कि भारत और रूस व्यावसायिक शिक्षा, कौशल और प्रशिक्षण के क्षेत्र में मिलकर काम करेंगे.
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि उनकी सरकार भारत और रूस के लोगों के बीच संबंध स्थापित करना चाहती है और दोनों देश पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में काम कर रहे हैं. इसके अलावा, दोनों देश शिक्षा और खेल संबंधों को भी मजबूत करना चाहते हैं.
राष्ट्रपति पुतिन दो दिवसीय भारत दौरे पर गुरुवार शाम को दिल्ली के पालम स्थित इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचे थे, जहां प्रोटोकॉल तोड़कर प्रधानमंत्री मोदी ने उनका स्वागत किया था.
शुक्रवार को मोदी और पुतिन ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की, जिसके बाद दोनों राजघाट जाकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित करने पहुंचे. इसके बाद, दोनों राष्ट्रप्रमुखों ने दिल्ली के हैदराबाद हाउस में 23वें भारत-रूस शिखर सम्मेलन में भाग लिया.