शुक्र, 16 अक्टू. 2026

CGKhabar

पूर्व क्राउन प्रिंस रज़ा पहलवी: 'सुरक्षाबल प्रदर्शनकारियों का साथ दें'

C

CG Khabar

04 जन. 2026, 02:38 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

रज़ा पहलवी
रज़ा पहलवी

तेहरान । डेस्क: ईरान में बढ़ती महंगाई और आर्थिक बदहाली के खिलाफ जारी राष्ट्रव्यापी विरोध प्रदर्शनों के बीच वैश्विक तनाव चरम पर पहुंच गया है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा प्रदर्शनकारियों पर बल प्रयोग की स्थिति में सैन्य हस्तक्षेप की चेतावनी दिए जाने के बाद, ईरान के पूर्व क्राउन प्रिंस रज़ा पहलवी ने ट्रंप के नेतृत्व की सराहना की है. 


पहलवी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक भावुक संदेश साझा करते हुए कहा कि ट्रंप की इस चेतावनी ने ईरानी जनता को नई ताकत और उम्मीद दी है. 


उन्होंने कहा कि ईरानी लोग पिछले 46 वर्षों से जारी "आतंक और अराजकता के शासन" को समाप्त कर अमेरिका के साथ फिर से पुराने और मधुर संबंध बहाल करना चाहते हैं, ताकि क्षेत्र में शांति और समृद्धि वापस लौट सके. पूर्व महारानी फराह पहलवी ने भी सुरक्षा बलों से प्रदर्शनकारियों का साथ देने की अपील की है.


दूसरी ओर, ईरान सरकार ने ट्रंप के "लॉक्ड एंड लोडेड" वाले बयान पर कड़ी आपत्ति जताते हुए इसे अंतर्राष्ट्रीय कानून का उल्लंघन बताया है. 


संयुक्त राष्ट्र में ईरान के स्थायी प्रतिनिधि अमीर सईद इरावानी ने महासचिव एंटोनियो गुटेरेस को पत्र लिखकर ट्रंप के बयानों की निंदा करने की मांग की है. 

तेहरान का तर्क है कि अमेरिका आंतरिक अशांति को उकसाकर ईरान की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता को निशाना बना रहा है. 


इस बीच, संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार उच्चायुक्त वोल्कर तुर्क ने ईरानी अधिकारियों से अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और शांतिपूर्ण प्रदर्शन के अधिकार का सम्मान करने का आग्रह किया है. 


सीएनएन और ईरानी समाचार एजेंसी इरना के अनुसार, तेहरान, मशहद और कोम जैसे प्रमुख शहरों में प्रदर्शन जारी हैं, जिनमें अब तक कम से कम नौ लोगों की जान जा चुकी है और दर्जनों गिरफ्तारियां हुई हैं.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP