राजनांदगांव: गणेशोत्सव पर रात 10 बजे के बाद DJ पर बैन
राजनांदगांव । संवाददाता: आगामी गणेशोत्सव को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए राजनांदगांव पुलिस ने कमर कस ली है. पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि त्योहार के दौरान तेज आवाज में DJ बजाने और ध्वनि प्रदूषण फैलाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा. नियमों का उल्लंघन होने पर न केवल DJ संचालकों, बल्कि आयोजन समितियों के खिलाफ भी कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
पुलिस महानिरीक्षक अजय यादव और पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित इस विशेष पहल के तहत जन संवाद कक्ष में 50 से अधिक DJ संचालकों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की गई. बैठक की अध्यक्षता अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर और नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन ने की.
अधिकारियों ने सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों का हवाला देते हुए बताया कि रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक किसी भी प्रकार के ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा. इसके अलावा, निर्धारित डेसीबल सीमा से अधिक तेज आवाज में साउंड सिस्टम बजाने और सीमा से अधिक स्पीकर या DJ बॉक्स लगाने की अनुमति बिल्कुल नहीं दी जाएगी.
अस्पताल, स्कूल, कॉलेज और अन्य घोषित संवेदनशील क्षेत्रों के आसपास तेज आवाज पर पूरी तरह रोक रहेगी. अधिकारियों ने याद दिलाया कि धार्मिक त्योहार जन-आस्था और सामाजिक सद्भाव का प्रतीक हैं, इसलिए आम जनता की शांति, स्वास्थ्य और सहूलियत से समझौता नहीं किया जा सकता.
बैठक में शामिल सभी DJ संचालकों ने प्रशासन के इन निर्देशों का स्वागत किया और तय समय सीमा, ध्वनि मानकों और सरकारी अनुमति के तहत ही संचालन करने का लिखित भरोसा दिया.