राजनांदगांव: 17 वर्षीय युवती ने फांसी लगाकर दी जान
राजनांदगांव । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव के सोमनी थाना इलाके से एक दुखद घटना सामने आई है, जहां ग्राम टेड़ेसरा में एक 17 साल की नाबालिग लड़की का शव उसके किराए के कमरे में फंदे से लटका हुआ पाया गया. मृतका की पहचान फिरदौस मिर्जा के रूप में हुई है, जो मूल रूप से दुर्ग की निवासी थी और कुछ समय पहले ही इंदौर से वापस आकर यहां रह रही थी.
पुलिस के मुताबिक शुरुआती जांच में यह मामला खुदकुशी का लग रहा है, हालांकि आत्महत्या के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है. सोमनी थाना पुलिस मर्ग कायम कर मामले की विस्तृत तफ्तीश कर रही है.
घटना 1 जून की दोपहर करीब 2 बजे की बताई जा रही है, जब युवती ने अपने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया और फांसी लगा ली.
जब मकान मालिक ने उसका शव फंदे पर झूलते हुए देखा, तो इसकी सूचना तुरंत आस-पास के लोगों और स्थानीय पुलिस को दी.
जानकारी मिलते ही सोमनी पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लिया. पुलिस मृतका के परिजनों और आस-पड़ोस के लोगों से पूछताछ कर रही है ताकि मौत की असली वजह का खुलासा हो सके.