क्रिकेटर पाटीदार का मोबाईल नंबर छत्तीसगढ़ के लड़के को मिला
रायपुर । संवाददाता: भारतीय बल्लेबाज रजत पाटीदार हाल ही में एक रोचक घटना का हिस्सा बने. जिसमें छत्तीसगढ़ के कुछ क्रिकेट प्रशंसक और स्थानीय पुलिस शामिल थे.
पुलिस की मौजूदगी से यह मामला गंभीर लग सकता है, लेकिन यह पूरी घटना बेहद दिलचस्प है.
यह कहानी पाटीदार के पुराने मोबाइल नंबर के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसे टेलीकॉम कंपनी ने 90 दिनों तक निष्क्रिय रहने के कारण निष्क्रिय कर दिया था.
बाद में यह नंबर छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले के देवभोग के एक लड़के मनीष बीसी को फिर से आवंटित कर दिया गया, जिसके बाद मजेदार घटनाएं सामने आईं.
मनीष ने 28 जून को एक स्थानीय मोबाइल दुकान से रिलायंस जियो का नया सिम खरीदा. सिम के सक्रिय होने के बाद, व्हाट्सएप पर पाटीदार की तस्वीर प्रोफाइल पिक्चर के रूप में दिखाई दी.
मनीष और उनके दोस्त खेमराज ने इस पर ज्यादा ध्यान नहीं दिया, लेकिन अनजाने में वे भारत के क्रिकेट जगत के वीआईपी कॉन्टैक्ट लिस्ट में शामिल हो गए.
इसके बाद मनीष का फोन बजने लगा, और कॉल करने वाले कोई और नहीं बल्कि क्रिकेट के दिग्गज थे.
रिपोर्ट के अनुसार, विराट कोहली और एबी डिविलियर्स ने भी इस नंबर पर कॉल किया.
मनीष और खेमराज ने इसे मजाक में लिया, लेकिन जब स्वयं पाटीदार ने कॉल करके स्थिति स्पष्ट की, तब जाकर मामला समझ में आया.
इसके बाद देवभोग की पुलिस ने मनीष की सहमति से सिम कार्ड रजत पाटीदार को भेजा.