रायपुर रहा सबसे गर्म, लू चलने की आशंका
छत्तीसगढ़ के मौसम में गर्मी ने रंग दिखाना शुरू कर दिया है.रायपुर में 40पार पारा
रायपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ में गर्मी का असर दिखने लगा है. मौसम साफ होते ही तापमान बढ़ने का सिलसिला शुरू हो गया है.
मौसम वैज्ञानिक कह रहे हैं कि अप्रैल के तीसरे और चौथे सप्ताह में गर्मी तेज पड़ेगी. इस दौरान सामान्य से अधिक तापमान के चलते हीट वेव की स्थिति बनने की संभवना रहेगी. दिन के तापमान में सामान्य से 4-5 डिग्री तक वृद्धि होने की संभावना है. वहीं रात में भी गर्म हवा का असर महसूस होगा.
राजधानी में इस साल अप्रैल में दिन और रात का तापमान सामान्य से थोड़ा ज्यादा रहेगा. मौसम विभाग के अनुसार अगले 4 दिन तापमान में बढ़ोतरी का सिलसिला जारी रहेगा. इस हफ्ते लू चलने की भी संभावना है.
प्रदेश में शनिवार को रायपुर सबसे गर्म रहा. यहां अधिकतम तापमान 40 डिग्री से ज्यादा दर्ज किया गया. वहीं अंबिकापुर 17.4 डिग्री के साथ सबसे ठंडा रहा. मौसम विभाग ने 7 अप्रैल को बस्तर संभाग के जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना व्यक्त की है.
इसके बावजूद प्रदेश के बाकी संभागों में गर्मी बनी रहेगी.
रायपुर में आज भी तापमान बढ़ेगा
रायपुर में शनिवार को दोपहर बाद तेज गर्मी महसूस हुई थी और अधिकतम तापमान 40 डिग्री दर्ज किया गया. जो सामान्य से 1.5 डिग्री ज्यादा रहा. वहीं रात का तापमान 24 डिग्री रहा.
मौसम विभाग के मुताबिक आज भी रायपुर में दिन का तापमान 40 डिग्री के आस-पास रहने की संभावना है. वहीं न्यूनतम तापमान 26 डिग्री के रहने का अनुमान है.
बस्तर संभाग में 7 अप्रैल से 10 अप्रैल तक हल्की बूंदा-बांदी के साथ आंधी चलने और बादल गरजने की संभावना है.
7 अप्रैल को बस्तर, दंतेवाड़ा, सुकमा और बीजापुर जिले के एक दो स्थानों पर हल्की बौछारें पड़ने की संभावना है.
दूसरी तरफ 8-9 अप्रैल को बस्तर, कोंडागांव, दंतेवाड़ा, सुकमा, कांकेर, बीजापुर, नारायणपुर जिले के एक दो स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी की संभावना है.
शनिवार को संभाग के जिलों में अधिकतम पारा सामान्य से अधिक रहा. बस्तर संभाग में अधिकतम दंतेवाड़ा जिले में सबसे ज्यादा 37.6 डिग्री रहा, जो औसत से 3 से 4 डिग्री ज्यादा था.
बिलासपुर में भी तापमान बढ़ा
बिलासपुर में शनिवार को दिन का पारा 39.7 डिग्री रहा, जो कि सामान्य तापमान के करीब ही रहा. वहीं रात का तापमान 22.9 डिग्री रहा.
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में अधिकतम तापमान 39.1 डिग्री रहा. वहीं न्यूनतम तापमान 20.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया.
सरगुजा संभाग में अधिकतम तापमान स्थिर बना हुआ है. बुधवार को अंबिकापुर में दिन का पारा 36.5 डिग्री रहा.
वहीं रात का तापमान 17.4 डिग्री दर्ज किया गया. यह प्रदेश में सबसे कम रहा.