रायपुर: नाबालिग प्रेमिका के हत्यारे प्रयागराज से गिरफ्तार
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के रायपुर में पुलिस ने 16 वर्षीय नाबालिग लड़की की हत्या की गुत्थी सुलझाते हुए मुख्य आरोपी हरीश पटेल को उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी ने न केवल अपनी नाबालिग प्रेमिका की गला घोंटकर हत्या की, बल्कि साक्ष्य छिपाने के लिए लाश को बाइक पर ढोकर सुनसान प्लॉट में फेंक दिया और इसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की.
शारीरिक संबंध बनाने का दबाव और हत्या पुलिस जांच के अनुसार, घटना 20 नवंबर 2025 की है. आरोपी हरीश पटेल ने अपनी प्रेमिका को दुर्ग के एक होटल में बुलाया था. वहां उसने और उसके साथी राहुल पटेल ने नाबालिग पर शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डाला. जब लड़की ने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने तौलिये से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी.
साजिश और साक्ष्य मिटाने की कोशिश हत्या के बाद आरोपी शव को बाइक पर रखकर दुर्ग से रायपुर लाए और अमलीडीह के एक खाली प्लॉट में फेंक दिया. पुलिस को गुमराह करने के लिए आरोपी ने मृतका के मोबाइल से उसके दोस्तों को 'आत्महत्या' से जुड़े फर्जी मैसेज भी भेजे.
गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में एक और बड़ा खुलासा हुआ आरोपी हरीश पटेल एक शातिर चोर है, जिसने अपने गिरोह के साथ मिलकर रायपुर के 11 सूने मकानों में चोरी की वारदातों को अंजाम दिया था.
पुलिस ने उसके पास से लगभग 60 लाख रुपये का 400 ग्राम सोना, 3 किलो चांदी, 20,000 रुपये नगद, एक मोटरसाइकिल और 4 मोबाइल फोन बरामद किए हैं.
फिलहाल, पुलिस इस मामले में शामिल एक अन्य फरार आरोपी की तलाश कर रही है.