लापरवाह रेलवे: BSF को बदहाल ट्रेन, 4 निलंबित
नई दिल्ली । डेस्क: अमरनाथ यात्रा की सुरक्षा ड्यूटी पर जा रहे बीएसएफ के 1200 जवानों को रेलवे ने जर्जर ट्रेन आवंटित कर दी, जिसकी हालत देखकर जवानों ने यात्रा से इनकार कर दिया. इस मामले में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कड़ी कार्रवाई करते हुए चार रेलवे अधिकारियों को निलंबित कर दिया है.
गौरतलब है कि 6 जून को त्रिपुरा के उदयपुर से जम्मू के लिए रवाना होने वाली इस विशेष ट्रेन का निरीक्षण करने पर BSF के जवान और अधिकारी दंग रह गये. ट्रेन के कोच टूटे-फूटे थे, खिड़कियाँ और दरवाज़े खराब थे, टॉयलेट अनुपयोगी थे और कई डिब्बों में बिजली तक नहीं थी. कुछ वैगनों में कीड़े भी देखे गये, जिससे जवानों की सुरक्षा और स्वच्छता को खतरा था.
इस घटना पर रेल मंत्री ने गंभीर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि "सुरक्षा बलों के सम्मान से कोई समझौता नहीं किया जायेगा." उन्होंने तुरंत एक नई ट्रेन की व्यवस्था करवाई और लापरवाही के लिये अलीपुरद्वार मंडल के चार अधिकारियों को निलंबित कर दिया.
BSF के अधिकारियों ने बताया कि ट्रेन की हालत इतनी खराब थी कि उसमें सफर करना जोखिम भरा होता. इसके बाद रेलवे ने 10 जून को एक नई ट्रेन उपलब्ध कराई, जिससे जवानों की यात्रा में देरी हुई. ये जवान अमरनाथ यात्रा की सुरक्षा के लिए जम्मू-कश्मीर पहुँचने वाले थे.
रेलवे नियमों के अनुसार, सुरक्षा बलों के लिए आवंटित ट्रेनों को पूरी तरह से सुरक्षित और सुविधाजनक होना चाहिये. लेकिन इस मामले में गंभीर लापरवाही सामने आई है, जिस पर अब उच्च स्तर पर जाँच की जा रही है.
यह घटना रेलवे प्रशासनिक व्यवस्था में गंभीर खामियों को उजागर करती है. सुरक्षा बलों के साथ ऐसा व्यवहार न केवल उनके मनोबल को प्रभावित करता है, बल्कि देश की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े करता है. रेल मंत्रालय द्वारा की गई कार्रवाई से एक सख्त संदेश गया है कि ऐसी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी.