रायगढ़: कार्मेल स्कूल में धार्मिक प्रतीकों को लेकर हंगामा
रायगढ़ । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ स्थित कार्मेल स्कूल में छात्र-छात्राओं के धार्मिक प्रतीकों पर कथित पाबंदी को लेकर जमकर बवाल हुआ. अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने स्कूल परिसर के बाहर इकट्ठा होकर प्रबंधन के खिलाफ उग्र नारेबाजी की और विरोध प्रदर्शन किया.
इस गहमागहमी के बीच मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने मोर्चा संभाला और प्रदर्शनकारियों को शांत कराने का प्रयास किया.
विवाद की मुख्य वजह एक छात्रा को स्कूल में तुलसी की माला पहनकर आने से रोकना बताया जा रहा है.
एबीवीपी के जिला संयोजक शुभम मिश्रा का आरोप है कि इस संस्थान से लंबे समय से ऐसी शिकायतें आ रही हैं, जहां कलावा बांधने, तिलक लगाने या अन्य सनातन परंपराओं का पालन करने पर विद्यार्थियों को टोक दिया जाता है.
संगठन का कहना है कि यह बच्चों की धार्मिक स्वतंत्रता का सीधा हनन है और स्कूल प्रशासन को लिखित में यह गारंटी देनी होगी कि भविष्य में ऐसी किसी भी परंपरा पर कोई रोक नहीं लगाई जाएगी.
इस पूरे घटनाक्रम पर अपना पक्ष रखते हुए कार्मेल स्कूल की प्राचार्या सिस्टर सितारा ने कहा कि स्कूल में सभी धर्मों का समान रूप से सम्मान किया जाता है और हर त्यौहार को मिल-जुलकर मनाया जाता है.
उन्होंने किसी भी तरह के पूर्वाग्रह से इनकार करते हुए कहा कि संभवतः बच्चों के बीच किसी बात को लेकर गलतफहमी हुई होगी, क्योंकि स्कूल में कई शिक्षक और बच्चे अपनी आस्था के अनुसार आते हैं.
इसके साथ ही प्रबंधन ने स्पष्ट किया कि अब बच्चों को तुलसी माला पहनने की पूरी अनुमति है और कलावा या तिलक जैसी चीजों पर कोई पाबंदी नहीं है, जिसके बाद आखिरकार यह विवाद शांत हुआ.