रायगढ़: ऑटो की टक्कर से किशोर ने तोड़ा दम, आरोपी फरार
रायगढ़ । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में चक्रधर नगर थाना क्षेत्र के ग्राम कुकुर्दा में एक तेज रफ्तार ऑटो चालक ने लापरवाही का परिचय देते हुए साइकिल सवार नाबालिग को अपनी चपेट में ले लिया.
हादसे का शिकार हुआ 16 वर्षीय अंकूश मेहर, जो सुदामा मेहर का पुत्र था, उस वक्त घर से पास के तालाब में नहाने के लिए निकला था. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जब अंकूश पुल के समीप पहुंचा, तभी पीछे से आ रहे अनियंत्रित ऑटो ने उसे जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया.
दुर्घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने ऑटो चालक को घेर लिया, जिसकी पहचान संजय अग्रवाल के रूप में हुई. आरोपी ने शुरुआत में मदद का दिखावा करते हुए अपने दोस्तों को फोन कर कार बुलाई और घायल अंकूश को मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया.
हालांकि, अस्पताल में डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बावजूद किशोर की जान नहीं बचाई जा सकी. अंकूश की मौत की खबर मिलते ही आरोपी चालक संजय अग्रवाल अस्पताल से मौका पाकर फरार हो गया. पुलिस ने इस मामले में शव का पंचनामा कर जांच शुरू कर दी है.
फरार आरोपी की तलाश के लिए पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं और अधिकारियों का कहना है कि उसे जल्द ही हिरासत में ले लिया जाएगा.