रायगढ़: पारिवारिक कलह से तंग आकर पेंटर ने की आत्महत्या
रायगढ़ । संवाददाता: रायगढ़ के जूटमिल थाना क्षेत्र स्थित कयाघाट (दुर्गा मंदिर के पीछे) में रहने वाले 32 वर्षीय पेंटर संजय प्रकाश टंडन ने फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली. परिजनों के अनुसार, संजय शराब पीने का आदी था और अक्सर नशे की हालत में फांसी लगाने की धमकी दिया करता था, जिसे परिवार के लोग हर बार सामान्य मानकर टाल देते थे.
26 जुलाई की रात जब उसका भाई संजीव प्रकाश कमरे में पहुंचा, तो संजय एस्बेस्टस की पाइप से चुनरी के फंदे पर लटका मिला.
आनन-फानन में उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.
फिलहाल जूटमिल पुलिस मर्ग कायम कर घटना के सभी पहलुओं की जांच में जुट गई है.
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, लगभग 12 साल पहले संजय का विवाह सारंगढ़ के कोसीर की रहने वाली सरिता से हुआ था.
करीब 10 दिन पहले दोनों के बीच किसी बात को लेकर गंभीर विवाद हुआ था, जिसके बाद उसकी पत्नी अपने बच्चे को लेकर मायके चली गई थी.
पत्नी के चले जाने के बाद से ही संजय काफी मानसिक तनाव और उदासी में रह रहा था. 26 जुलाई की शाम को वह घर लौटा और भोजन करने के बाद अपने कमरे में चला गया, जिसके बाद उसने यह खौफनाक कदम उठा लिया.