रायगढ़: कापू रेंज में हाथी ने युवक को कुचलकर मारा
रायगढ़ । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ वन मंडल के कापू रेंज में बीती रात एक जंगली हाथी ने 24 वर्षीय युवक को बेरहमी से कुचलकर मौत के घाट उतार दिया. मृतक की पहचान पीठपानी गांव के रहने वाले एस्तर तिर्की (पिता बुनाराम) के रूप में हुई है. आशंका जताई जा रही है कि युवक कल शाम पास की नदी में मछली पकड़ने गया था, तभी उसका सामना रेंज के 99 पीएफ क्षेत्र में घूम रहे 12 हाथियों के दल से हो गया.
रात भर घर न लौटने पर जब परिजनों ने तलाश शुरू की, तो सुबह नदी के पास उसका शव बरामद हुआ, जिसके बाद पूरे इलाके में डर और दहशत फैल गई.
घटना की खबर मिलते ही वन विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और कागजी कार्रवाई शुरू कर दी. विभाग की ओर से पीड़ित परिवार को राहत के तौर पर 25 हजार रुपये की तात्कालिक आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई गई है.
अधिकारियों के अनुसार, कापू क्षेत्र में बाकारुमा रेंज की तरफ से लगातार हाथियों की आवाजाही बनी हुई है. इसके मद्देनजर वन अमला आसपास के ग्रामीण इलाकों में लगातार मुनादी कराकर लोगों को सतर्क रहने और जंगलों की तरफ न जाने की अपील कर रहा है.
धरमजयगढ़ वन मंडल में इस समय हाथियों की मौजूदगी भारी तबाही की वजह बनी हुई है. सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, इलाके में फिलहाल 78 हाथियों का झुंड विचरण कर रहा है, जिसमें 25 नर, 30 मादा और 23 शावक शामिल हैं.
इंसानी जान लेने के अलावा हाथियों का यह दल फसलों को भी भारी नुकसान पहुंचा रहा है.