रायगढ़: नाबालिग से दुष्कर्म करने वाला आरोपी छोटू राठिया गिरफ्तार
रायगढ़ । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में एक नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है. पीड़िता के परिजनों की शिकायत पर तुरंत कार्रवाई करते हुए छाल थाना पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है.
पुलिस ने आरोपी छोटू राठिया (20 वर्ष) के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और पॉक्सो (POCSO) एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह पूरी घटना 18 सितंबर की रात की है. गांव के ही रहने वाले आरोपी छोटू राठिया ने शाम के समय किशोरी को धमकी दी थी कि यदि वह उसके कहे अनुसार नहीं आई, तो वह उसे समाज में बदनाम कर देगा.
इसी डर और दबाव के कारण रात लगभग 9 बजे जब परिजन खाना खाकर सो चुके थे, तब पीड़िता आरोपी के बुलाने पर खेत के पास बने एक सुनसान मकान में पहुंची. वहां आरोपी ने उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए और फिर उसे वहीं अकेला छोड़कर फरार हो गया.
सुबह जब किशोरी घर पर नहीं मिली, तो चिंतित परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की और उसे खेत वाले सुनसान मकान से बरामद किया.
घर लौटने के बाद पीड़िता ने आपबीती सुनाई, जिसके बाद परिजनों ने आपस में विचार-विमर्श कर सोमवार को छाल थाने में शिकायत दर्ज कराई. महिला पुलिस अधिकारी द्वारा पीड़िता का बयान दर्ज कराने के बाद पुलिस की टीम ने गांव में दबिश देकर आरोपी को हिरासत में लिया और पूछताछ के पश्चात उसकी गिरफ्तारी की.