रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

रायगढ़: सिंघनपुर गुफा में मधुमक्खियों का हमला, रिसर्चरों समेत 7 घायल

C

CG Khabar

17 मई 2026, 05:21 AM 2 मिनट में पढ़ें 2

घायल
घायल

रायगढ़ । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में ऐतिहासिक सिंघनपुर गुफा में शोध करने पहुंची एक एक्सपर्ट टीम पर मधुमक्खियों ने जानलेवा हमला कर दिया. इस अचानक हुए हमले में रायपुर के विभिन्न विश्वविद्यालयों से आए एक वैज्ञानिक और चार शोधकर्ताओं (रिसर्चर्स) समेत वन विभाग के दो कर्मचारी गंभीर रूप से जख्मी हो गए हैं. 


सभी घायलों को त्वरित कार्रवाई करते हुए इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है.

विज्ञापन


जानकारी के मुताबिक, रायगढ़ जिला मुख्यालय से लगभग 18 किलोमीटर की दूरी पर स्थित प्राचीन शैलचित्रों के लिए प्रसिद्ध सिंघनपुर गुफा में शनिवार को रायपुर से आई पांच सदस्यीय टीम अध्ययन के लिए पहुंची थी. 


जब यह टीम वन विभाग के अमले के साथ पहाड़ियों पर मौजूद ऐतिहासिक कंदराओं और रॉक पेंटिंग्स का मुआयना कर रही थी, तभी अचानक मधुमक्खियों के एक बड़े झुंड ने उन पर धावा बोल दिया. हमले के बाद पहाड़ी पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोग अपनी जान बचाने के लिए भागने लगे.


इस हादसे में घायल होने वालों में वरिष्ठ वैज्ञानिक स्मृद्धि (69 वर्ष), शोधकर्ता ब्रम्हानंद धृतलहरे (27 वर्ष), भाग्यश्री (30 वर्ष), सुमन (35 वर्ष), और निहारिका (36 वर्ष) शामिल हैं. इनके अलावा टीम को गाइड कर रहे वन विभाग के रामझरना प्रभारी गितेश्वर पटेल और चौकीदार ईश्वर यादव भी इस हमले का शिकार हुए हैं.


घटना की भनक लगते ही वन विभाग के अन्य सुरक्षाकर्मी तत्काल मौके पर पहुंचे और संकटकालीन एम्बुलेंस सेवा (डायल 108) को इसकी सूचना दी. 


दुर्गम पहाड़ी रास्ता होने के कारण वनकर्मियों और मेडिकल टीम ने बेहद सूझबूझ से काम लिया और सभी घायलों को स्ट्रेचर के सहारे सुरक्षित नीचे उतारकर एक निजी अस्पताल में दाखिल कराया. रायगढ़ के रेंजर संजय लकड़ा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि डॉक्टरों की देखरेख में अब सभी घायलों की सेहत में तेजी से सुधार हो रहा है और स्थिति नियंत्रण में है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP