चीन में जनसंख्या संकट गहराया, तेजी से घट रही है आबादी
बीजिंग । डेस्क: चीन की जनसंख्या में गिरावट का सिलसिला लगातार चौथे वर्ष भी जारी रहा और 2025 में यह घटकर 1.405 अरब रह गई है. सोमवार को जारी आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, पिछले साल चीन की आबादी में 33.9 लाख की कमी आई है, जो 2024 की तुलना में कहीं अधिक तीव्र गिरावट है.
सबसे चिंताजनक पहलू यह है कि देश की जन्मदर रिकॉर्ड निचले स्तर पर पहुंच गई है. साल 2025 में केवल 79.2 लाख बच्चों ने जन्म लिया, जो पिछले वर्ष के मुकाबले 17 प्रतिशत कम है.
विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि बच्चों के जन्म का यह स्तर लगभग साल 1738 के बराबर है, जब चीन की कुल जनसंख्या महज 15 करोड़ के आसपास थी. दूसरी ओर, मृत्यु दर में वृद्धि हुई है और 2025 में 1.13 करोड़ लोगों की मृत्यु दर्ज की गई, जो 1968 के बाद सबसे अधिक है.
तेजी से बूढ़ी होती आबादी चीन के लिए एक बड़ी आर्थिक चुनौती बन गई है, जहां 60 वर्ष से अधिक आयु के लोगों की संख्या कुल जनसंख्या का 23 प्रतिशत तक पहुंच गई है. इस दबाव को कम करने के लिए सरकार ने सेवानिवृत्ति की आयु बढ़ाकर पुरुषों के लिए 63 और महिलाओं के लिए 58 वर्ष कर दी है.
हालांकि, गिरते विवाह आंकड़ों के बीच सरकार ने 'पॉजिटिव मैरिज कल्चर' को बढ़ावा देने और जन्मदर सुधारने के लिए सब्सिडी व मुफ्त आईवीएफ (IVF) जैसे कड़े कदम उठाए हैं.
साल 2026 में गर्भवती महिलाओं के लिए चिकित्सा खर्च पूरी तरह मुफ्त करने की घोषणा की गई है, क्योंकि चीन की प्रजनन दर प्रति महिला मात्र 1 रह गई है, जो जनसंख्या स्थिरता के लिए आवश्यक 2.1 के मानक से काफी नीचे है.