छत्तीसगढ़ के पुलिस अधिकारी की राजस्थान में रोड एक्सीडेंट में मृत्यु
मुंगेली । डेस्क: छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले में जरहागांव थाने के प्रभारी नंदलाल पैकरा की राजस्थान के भरतपुर में एक सड़क हादसे में मौत हो गई. वे निजी यात्रा पर अपने साथियों के साथ राजस्थान गए थे, जहां यह दर्दनाक घटना हुई. हादसे की जानकारी मिलते ही पूरे पुलिस विभाग में गहरा शोक छा गया.
मिली जानकारी के अनुसार, नंदलाल पैकरा अपने साथियों के साथ कार से यात्रा कर रहे थे. भरतपुर में एक ढाबे पर रुककर खाना पैक कराने के दौरान वे सड़क किनारे खड़े थे. इसी बीच तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई. कुछ रिपोर्ट्स में यह भी बताया गया कि कुत्तों के हमले से बचने की कोशिश में वे ट्रक के सामने आ गए.
इस हादसे से परिवार के सदस्य सदमे में हैं, जबकि सहकर्मी और स्थानीय लोग गहरे दुख में डूबे हुए हैं. पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों, कर्मचारियों और जनप्रतिनिधियों ने दिवंगत अधिकारी को श्रद्धांजलि दी है. सभी ने शोक संतप्त परिवार को संबल प्रदान करने और आत्मा की शांति की कामना की है.
मुंगेली पुलिस अधीक्षक ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि आवश्यक कानूनी प्रक्रियाएं पूरी की जा रही हैं.