वोट के लिए भरतनाट्यम भी करेंगे PM- RAGA, बयान पर BJP का पलटवार
पटना/मुजफ्फरपुर । डेस्क: बिहार विधानसभा चुनाव के लिए अपने अभियान की शुरुआत करते हुए कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर ज़ोरदार हमला बोला है. मुजफ्फरपुर की एक रैली को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कटाक्ष किया कि प्रधानमंत्री मोदी वोटों के लिए मंच पर भरतनाट्यम भी कर सकते हैं.
राहुल गांधी ने कहा, "उन्हें बस आपका वोट चाहिए. अगर भीड़ में से 200 लोग पीएम मोदी से वोट के बदले मंच पर नाचने को कहें, तो नाच शुरू हो जाएगा. पीएम मोदी मंच पर भरतनाट्यम करना शुरू कर देंगे."
इसके अलावा, गांधी ने यमुना नदी के किनारे छठ पूजा समारोह में शामिल न होने पर भी प्रधानमंत्री मोदी को घेरा. उन्होंने कथित तौर पर 'ड्रामा' करने का आरोप लगाते हुए कहा कि यमुना का पानी इतना गंदा है कि उसे पीने से लोग बीमार हो सकते हैं या मर सकते हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि चुनावों के लिए "ड्रामा" किया गया और पाइप लगाकर साफ पानी दिखाया गया.
विपक्ष के नेता ने महाराष्ट्र और हरियाणा में "वोट चोरी" का मुद्दा भी उठाया और बीजेपी पर वोट चुराने का आरोप लगाया. उन्होंने बिहार के लोगों को चेतावनी दी कि बीजेपी राज्य में भी ऐसा करने की पूरी कोशिश करेगी.
बीजेपी का तीखा पलटवार
राहुल गांधी के इस बयान पर बीजेपी ने तुरंत जवाबी हमला किया. बीजेपी के बिहार चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान ने कांग्रेस नेता पर "सभी सीमाएं पार करने" का आरोप लगाया.
प्रधान ने कहा, "राहुल गांधी जी ने आज सभी सीमाएं पार कर दीं और पीएम तथा छठ पर्व के खिलाफ आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया. उन्होंने हार के डर से ऐसा किया. उन्होंने जो कहा, उसकी निंदा के लिए कोई शब्द काफी नहीं है."
उन्होंने यह भी कहा कि बिहार की जनता पिछले दो दशकों से उनके (आरजेडी और कांग्रेस) "जंगल राज" के खिलाफ वोट कर रही है. प्रधान ने कहा कि बिहार की जनता उन्हें सबक सिखाएगी जो गुमराह करने की कोशिश करते हैं. बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने भी राहुल पर हमला करते हुए कहा कि कांग्रेस सांसद "स्थानीय गुंडे" की तरह बोलते हैं.