पटना एनकाउंटर: दानापुर हत्या कांड के 3 आरोपी पुलिस मुठभेड़ में ढेर, 42 राउंड चलीं गोलियां
बिहार के पटना में शुक्रवार तड़के पुलिस और एसटीएफ की अपराधियों के साथ मुठभेड़ हुई, जिसमें 42 राउंड गोलियां चलने के बाद 3 इनामी आरोपी ढेर हो गए और एक पुलिसकर्मी घायल हुआ.
पटना । डेस्क: बिहार के पटना जिला अंतर्गत मनेर थाना क्षेत्र के शेरपुर में गंगा नदी के तट पर पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई. इस एनकाउंटर में एक हत्या के मामले में वांछित तीन आरोपी मारे गए. शुक्रवार तड़के हुई इस मुठभेड़ के दौरान दोनों तरफ से काफी देर तक गोलीबारी हुई, जिसमें कुल 42 राउंड गोलियां चलीं.
पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ खत्म होने के बाद तीनों आरोपियों को घायल अवस्था में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. इस घटना में मनेर थाने के पुलिसकर्मी रजनीश कुमार के बाएं हाथ में गोली लगी है और वे घायल हो गए हैं.
पटना पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी कार्तिक कुमार शर्मा ने बताया कि शेरपुर इलाके में कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा उपद्रव फैलाने की गुप्त सूचना मिली थी. इसके बाद स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) और पटना पुलिस की टीम ने संयुक्त रूप से अपराध नियंत्रण अभियान चलाया.
जैसे ही पुलिस टीम चिन्हित स्थान पर पहुंची, आरोपियों ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी, जिसमें मनेर थाने के सिपाही घायल हो गए. इसके जवाब में पुलिस ने भी आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की.
पुलिस के मुताबिक, मुठभेड़ के दौरान अपराधियों की ओर से 24 राउंड से अधिक गोलियां चलाई गईं, जबकि पुलिस ने 18 राउंड जवाबी फायरिंग की. तीनों आरोपियों के गंभीर रूप से घायल होने के बाद गोलीबारी बंद हुई. घटनास्थल से पुलिस ने दो पिस्टल, एक देसी कट्टा और कई खाली कारतूस बरामद किए हैं.
पुलिस अधिकारी ने बताया कि शवों के पोस्टमार्टम की वीडियोग्राफी कराई जाएगी और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है. मारे गए तीनों आरोपी दुर्गाष्टमी के दिन हुई एक हत्या के मामले में वांछित थे. इसके अलावा दानापुर और शाहपुर इलाकों में भी उनके खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज थे.