संपत्ति के लालच में माता-पिता और भतीजे-भतीजी की कुल्हाड़ी से हत्या
जांजगीर-चांपा । डेस्क: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में शिवरीनारायण थाना क्षेत्र के भंवतरा गांव में एक कलयुगी बेटे ने अपने ही परिवार को खत्म कर दिया. आरोपी बेटे ने संपत्ति के लालच में अपने बुजुर्ग माता-पिता और दो मासूम पोते-पोतियों (भतीजे-भतीजी) की कुल्हाड़ी से वार कर बेरहमी से हत्या कर दी.
मृतकों की पहचान मेदनी प्रसाद कश्यप (70), उनकी पत्नी कांति बाई (65), पोते पीतांबर (17) और पोती मोगरा (25) के रूप में हुई है.
पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी सोनसाय पहले भी अपने एक भाई की हत्या के जुर्म में 15 साल की जेल काट चुका है. जेल से छूटने के बाद उसने पूरी संपत्ति पर अकेले कब्जा करने की नीयत से अपने बेटे दाकेश्वर उर्फ गोलू के साथ मिलकर इस खौफनाक साजिश को अंजाम दिया.
बुधवार की रात जब पूरा परिवार निर्माणाधीन मकान में सो रहा था, तब दोनों आरोपियों ने कुल्हाड़ी से उन पर हमला कर दिया. सुबह जब मजदूर काम पर पहुंचे, तब इस सामूहिक हत्याकांड का खुलासा हुआ. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता-पुत्र को हिरासत में ले लिया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है.